पूर्णिया के युवक का पाकिस्तान कनेक्शन, IB ने गहन पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार, NIA की टीम भी पहुंची
बिहार के पूर्णिया में देश की सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के शक में एक युवक को गिरफ्तार किया है.
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में देश की सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के शक में एक युवक को गिरफ्तार किया है. युवक की गिरफ्तारी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि पूर्णिया के मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला में इंटेलीजेंस ब्यूरो की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से एक युवक को मोबाइल और लैपटॉप के साथ गिरफ्तार किया है. युवक से किसी गुप्त स्थान पर करीब 24 घंटे की पूछताछ के बाद आईबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया जिसके बाद अब एनआईए और बिहार एसटीएफ भी मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार डिजिटल जांच और साक्ष्य के आधार पर आईबी की टीम ने पुर्णिया पुलिस के सहयोग से मधुबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत काली प्रसाद यादव टोला में स्थित एक संदिग्ध घर में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक की पहचान स्थानीय शमीम अख्तर के 23 वर्षीय पुत्र शाहिद अख्तर के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि वह 2025 से एक विदेशी कट्टरपंथी ग्रुप से जुड़ा हुआ था और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश की कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील गोपनीय जानकारी साझा करता था. जानकारी के अनुसार इस ग्रुप से पाकिस्तान, पश्चिम बंगाल समेत देश के अन्य हिस्सों से कई लोग जुड़े थे. बताया जा रहा है कि युवक के मोबाइल और लैपटॉप से जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है.
जानकारी के अनुसार खुफिया इनपुट और डिजिटल साक्ष्य के बाद आईबी की टीम पूर्णिया पहुंची और कार्रवाई की. मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है और युवक के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है. इस मामले में जांच के लिए अब एनआईए और बिहार एसटीएफ भी पूर्णिया पहुंची है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है.
केंद्रीय एजेंसियों और एसटीएफ की गहन पूछताछ के बाद पूर्णिया के एसएसपी डॉ शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपी से लंबी पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पिछले 24 घंटे से अधिक समय तक आरोपी को एक गुप्त स्थान पर रखकर उससे गहन पूछताछ की गई है. उसके पास से बरामद मोबाइल और लैपटॉप की जांच के जरिए देशविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों और स्लीपर सेल के अन्य संपर्कों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.