'पीएम मोदी वोट नहीं लोगों का दिल चुराते हैं..', पूर्णिया में गरजे असम के सीएम हिमंता, कहा 'राहुल - प्रियंका दें इस्तीफा'

विपक्ष के प्रदर्शनों के विरोध में भाजपा ने देश भर में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा की शुरुआत की है. इस यात्रा के क्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता देश भर के विभिन्न हिस्सों में आयोजित पदयात्रा में शिरकत करते हुए स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित कर रहे हैं

'पीएम मोदी वोट नहीं लोगों का दिल चुराते हैं..', पूर्णिया में गरजे असम के सीएम हिमंता, कहा 'राहुल - प्रियंका दें इस्तीफा'

पूर्णिया: विपक्ष के प्रदर्शनों के विरोध में भाजपा ने देश भर में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा की शुरुआत की है. इस यात्रा के क्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता देश भर के विभिन्न हिस्सों में आयोजित पदयात्रा में शिरकत करते हुए स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित कर रहे हैं. इसी कड़ी में बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पूर्णिया पहुंचे. पूर्णिया में हिमंता ने एक तरफ एनडीए और प्रधानमंत्री की जम कर तारीफ की तो दूसरी तरफ विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को बिहार में सम्राट चौधरी, पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी तथा असम में मै खुद चुनाव जीतने नहीं दे सकते.

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि राहुल गांधी अगर कहीं चुनाव जीत सकते हैं तो वह है बांग्लादेश. उन्हें वहां चले जाना चाहिए और वहां चुनाव जीतने के लिए मैं भी उनको आशीर्वाद और दुआ दूंगा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी का आरोप लगाते हैं तो मैं आज बता दूं कि प्रधानमंत्री वोट नहीं बल्कि लोगों का दिल चुरा रहे हैं. उन्होंने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि 500 साल तक राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद रही और अब वहां राम मंदिर बनाया गया है. हिमंता ने लोगों से पूछा कि क्या इसे वोट चोरी कहा जाएगा या दिल जीतना.

असम के मुख्यमंत्री हिमंता ने बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में हुए गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की चर्चा की तथा कहा कि बिहार के सीमांचल, पश्चिम बंगाल तथा असम की स्थिति किसी से छुपी नहीं है. अगर चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट से बाबर और औरंगजेब का नाम हटा दिया तो इसमें गलत क्या है. उन्होंने चुनाव आयोग से अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी को छोड़कर SIR दोबारा कराया जाए और ऐसे नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएं.

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी इस बात को लेकर परेशान हैं कि बाबर और औरंगजेब के नाम हटने के बाद वह चुनाव कैसे जीतेंगे. हिमंता बिस्वा सरमा ने ईवीएम से चुनाव कराने को लेकर कांग्रेस के सवालों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम से चुनाव खराब होते हैं तो पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को भी इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वह भी ईवीएम से ही चुनाव जीते हैं. उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी ईवीएम से चुनाव जीतते हैं. हिमंता ने सवाल किया कि जब कांग्रेस जीतती है तो ईवीएम सही और दूसरी पार्टियां जीतती हैं तो वही मशीन खराब कैसे हो जाती है.

असम के मुख्यमंत्री हिमंता ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बिहार और असम के साथ केरल में भी एसआईआर हुआ. इसके बाद केरल में कांग्रेस जीत है तो सब कुछ ठीक है लेकिन बिहार में हार गई तो पूरी प्रक्रिया ही गलत है. अगर ईवीएम खराब है तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी इस्तीफा दे दें. इस दौरान उन्होंने पदयात्रा में शामिल लोगों को धन्यवाद भी कहा.