पूर्णिया (BIHAR) : पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन परिसर में एटीएम टिकट मशीन, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और हाल के एनकाउंटर मामलों को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पीएमसीएच अधीक्षक पर हुई कार्रवाई का स्वागत करते हुए भ्रष्टाचार पर कड़ी टिप्पणी की और भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की.
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान
उद्घाटन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पप्पू यादव ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा पीएमसीएच के अधीक्षक पर की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यह सही दिशा में उठाया गया कदम है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के लगभग 90 प्रतिशत मेडिकल कॉलेजों के प्रिंसिपल और अधीक्षक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं. ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हो सके.
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी
उन्होंने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि भ्रष्टाचार के आरोप झेल रहे अधिकारियों के बचाव में आईएमए जैसी संस्था सामने आ रही है. इससे संस्था की मानसिकता भी उजागर होती है. उन्होंने कहा कि ईमानदार व्यवस्था बनाने के लिए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है.
दोषियों पर उचित कार्रवाई हो
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर बोलते हुए पप्पू यादव ने कहा कि केवल बिहार ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी जाति की राजनीति की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुन-चुनकर ब्राह्मण समाज के लोगों का एनकाउंटर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बिहार में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में अब तक सात एनकाउंटर हुए हैं और इन सभी मामलों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई हो.
पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए
पप्पू यादव ने कहा कि कानून का राज कायम रखने के लिए हर कार्रवाई पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए. किसी भी घटना की जांच बिना किसी भेदभाव के होनी चाहिए ताकि आम लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे.

