पूर्णिया में बड़ा हादसा, खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में डूबे तीन सगे भाई, हुई मौत

पूर्णिया में बड़ा हादसा, खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में डूबे तीन सगे भाई, हुई मौत

पूर्णिया (PURNIA): बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. कसबा थाना क्षेत्र के कुल्लाखास पंचायत के वार्ड नंबर 7 स्थित आलम नगर में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन सगे भाइयों की मौत हो गई. तीनों बच्चे सुबह घर के पास खेल रहे थे. इसी दौरान वे खेलते-खेलते गड्ढे के पास पहुंच गए और पानी में डूब गए. एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत के बाद घर में मातम पसरा है. वहीं, घटना से पूरे गांव के लोग सदमे में हैं.

मृतक बच्चों के पिता आलमगीर के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 8 बजे उनके तीन बेटे मो. मोफिजूल, मो. तफीजूल और सैराजुल घर के पास खेल रहे थे. खेलते हुए तीनों घर से करीब 100 मीटर दूर धर्म कांटा के पास पहुंच गए. यहां एक गहरा गड्ढा था, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था. खेलते समय तीनों भाई पानी भरे गड्ढे में डूब गए.

दूसरे बच्चों ने परिवार को दी जानकारी

वहां मौजूद दूसरे बच्चों ने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी. इसके बाद परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

घटना की जानकारी मिलने के बाद कसबा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया.

ग्रामीणों ने अवैध खनन पर उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे की वजह अवैध तरीके से मिट्टी की खुदाई है. ग्रामीणों के मुताबिक, खेत के पास मिट्टी निकालने के लिए कई फीट गहरा गड्ढा खोद दिया गया था. बारिश के बाद इसमें काफी पानी जमा हो गया, जिससे यह बच्चों के लिए खतरनाक बन गया.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मृतक बच्चों के परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है. वहीं, ग्रामीणों ने ऐसे गड्ढों को लेकर जल्द कार्रवाई करने की मांग उठाई है, ताकि आगे इस तरह का कोई और हादसा न हो.