पूर्व मंत्री बीमा भारती के बेटे पर नाबालिग के अपहरण की कोशिश का आरोप, मामला दर्ज
पूर्व मंत्री एवं राजद की प्रदेश उपाध्यक्ष बीमा भारती के बेटे के विरुद्ध एक बार फिर अपराधिक मामला दर्ज किया गया है. एक व्यवसाई ने आरोप लगाया है कि दुकान में शराब पीने से मना किया तो अपने सहयोगियों के साथ मिल कर नाबालिग बेटे के अपहरण की कोशिश की
पूर्णिया: पूर्व मंत्री एवं राजद की प्रदेश उपाध्यक्ष बीमा भारती एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार भी उनके चर्चा में रहने का कारण कोई अच्छा काम नहीं बल्कि उनके बेटे की हरकत है. जानकारी के अनुसार बीमा भारती के बेटे राजा मंडल पर एक व्यवसाई के नाबालिग अपहरण की कोशिश करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. इस मामले में राजा के विरुद्ध भवानीपुर थाना में मामला भी दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार भवानीपुर दुर्गापुर चौक निवासी लकड़ी व्यवसाई मो बबलू ने उनके विरुद्ध लिखित आवेदन दिया है. व्यवसाई मो बबलू ने राजा मंडल समेत चार से पांच अज्ञात लोगों पर बेटे की अपहरण की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया.
व्यवसाई ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि बीते 19 अक्टूबर की रात राजा मंडल अपने सहयोगियों के साथ दुकान पर पहुंचा और शराब पीने के लिए दुकान खाली करने के लिए कहा. विरोध करने पर वह वहां से लौट गया. व्यवसायी का आरोप है कि कुछ समय बाद वह दोबारा अपने सहयोगियों के साथ दुकान पर पहुंचा. मो बबलू के अनुसार, उसी रात करीब नौ बजे राजा मंडल अपने सहयोगियों के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी से उनकी फर्नीचर दुकान पर पहुंचा. आरोप है कि इस दौरान उनके नाबालिग पुत्र महताब आलम को जबरन गाड़ी में खींचकर बैठाने और अपने साथ ले जाने की कोशिश की गई. आवेदन में बताया गया है कि महताब के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे. इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. बबलू का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने और लोगों की भीड़ जुटने के बाद राजा मंडल अपने सहयोगियों के साथ वहां से फरार हो गया. व्यवसायी ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के कुछ समय बाद राजा मंडल ने मोबाइल फोन से कॉल कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी. बबलू के मुताबिक, उस समय कई लोग मौके पर मौजूद थे और उन्होंने भी कथित धमकी सुनी थी. भवानीपुर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. मामले में जांच पूरी होने और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.