शादी के तीसरे दिन ही भागी पत्नी, तो मामा पर आरोप लगाकर मोबाइल टावर पर जा चढ़ा पति, Video वायरल

बिहार के बाढ़ में पत्नी के ससुराल छोड़कर जाने से परेशान युवक आकाश मोबाइल टावर पर चढ़ गया. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम उसे सुरक्षित उतारने में जुटी है.

पटना (PATNA): बिहार के बाढ़ अनुमंडल में पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के अचुआरा गांव के समीप सामुदायिक भवन के पास की है. युवक की शादी 20 नवंबर को उमानाथ धाम मंदिर में हुई थी. पत्नी के ससुराल छोड़ने के बाद युवक टावर पर चढ़कर उसे वापस बुलाने की मांग कर रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने में जुट गई.

जानकारी के अनुसार, युवक आकाश कुमार की शादी बाढ़ के बुढनीचक निवासी युवती से हुई थी. दोनों की शादी युवती की नानी ने करवाई थी. शादी के बाद युवती करीब तीन दिन तक ससुराल में रही. आरोप है कि इस दौरान युवती के मामा मिथुन ने उसके साथ मारपीट की. इसके बाद युवती ससुराल छोड़कर चली गई. युवक के परिजनों का आरोप है कि युवती की नानी और मौसी उसे जबरन अपने साथ ले गईं और कहा कि दुल्हन अब ससुराल में नहीं रहेगी.

भाई प्रकाश कुमार ने लगाए मारपीट के आरोप
युवक के भाई प्रकाश कुमार ने बताया कि आकाश की शादी 20 नवंबर को उमानाथ धाम मंदिर में हुई थी. शादी के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने युवती को अपने साथ ले लिया. प्रकाश कुमार के अनुसार, युवती के मामा मिथुन ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसने ससुराल में रहने से इनकार कर दिया. 

युवक की मां सरस्वती देवी ने बताया कि उनके बेटे के पैर में पहले से चोट है और फ्रैक्चर के कारण पैर में रॉड लगी हुई है. पैर नहीं मुड़ने की वजह से लड़की पक्ष दुल्हन की विदाई के लिए तैयार नहीं है. मां के अनुसार, इसी बात से परेशान होकर आकाश मोबाइल टावर पर चढ़ गया. उन्होंने बताया कि उनका परिवार दिल्ली में रहता है, जहां आकाश छोले-भटूरे की दुकान चलाता है. परिवार का पैतृक गांव मेउरा है.

युवक शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मोबाइल टावर पर चढ़ा. वह लगातार पत्नी को वापस बुलाने की मांग कर रहा है और ऐसा नहीं होने पर जान देने की धमकी दे रहा है. मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई है. फायर ब्रिगेड के सब ऑफिसर अजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक करीब दो घंटे से टावर पर चढ़ा हुआ था. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है. फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए मौके पर रेस्क्यू प्रयास जारी हैं.