बिहार के शाही शादी के तिलक समारोह में क्या दिखा "पॉलिटिकल पुट", जदयू के लोगों ने क्यों बनाई दूरी, ललन सिंह भी नहीं दिखे
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह में "पॉलिटिकल पुट " भी देखने को मिला. तिलक समारोह में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के किसी बड़े नेता की उपस्थिति नहीं देखी गई.
टीएनपी डेस्क बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह में "पॉलिटिकल पुट " भी देखने को मिला. तिलक समारोह में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के किसी बड़े नेता की उपस्थिति नहीं देखी गई. भाजपा के मंत्रियों की मौजूदगी जरूर दिखी. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, मंत्री विजय सिन्हा , मंत्री मिथिलेश तिवारी,मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र नजर आये. उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के विधायक माधव आनंद, आलोक सिंह, रामेश्वर महतो भी इस आयोजन में नजर आये.

ललन सिंह -अशोक चौधरी तक कार्यक्रम में नहीं दिखे ,भाजपा की रही मौजूदगी
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी का तिलक शुक्रवार को दानापुर के एक रिसॉर्ट में हुआ. अनंत सिंह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ अपने पैतृक गांव नदवां से तिलक लेकर पहुंचे थे. तिलक समारोह में कई नेताओं और सितारों का जमावड़ा देखने को मिला. लेकिन जदयू के नेता इस बहुचर्चित कार्यक्रम से दूरी बनाए रहें. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जदयू कोटा से मंत्री अशोक चौधरी भी नजर नहीं आये. अब देखना दिलचस्प होगा कि 25 नवंबर को उनकी बेटी शिवांगी की होने वाली शादी के आयोजन में जदयू के नेता पहुंचते हैं या नहीं. पिछले महीने हुए विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से एमएलसी नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध करने पर अनंत सिंह को जदयू पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है.
अनंत सिंह की सदस्यता ख़त्म करने को भी दिया गया है आवेदन
उनकी सदस्यता ख़त्म करने के लिए भी आवेदन दिया गया है. अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से अलग होकर नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी से लड़े अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया था. हालांकि नीरज सिंह चुनाव जीत गए. बता दें कि अनंत सिंह कई बार कह चुके हैं कि नीतीश कुमार की तबीयत ठीक नहीं रहने की वजह से पार्टी में मनमानी चल रही है. नीतीश कुमार अगर स्वस्थ रहते तो यह सब नहीं होता. यह बात भी सच है कि नीतीश कुमार का स्वास्थ्य ठीक नहीं है. 25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में शादी की भव्य तैयारी की गई है. बकौल अनत सिंह चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है. उन्होंने सभी लोगों को आमंत्रित किया है. कहा है कि जिस भाई को निमंत्रण पत्र नहीं मिला है ,वह अभी निशंकोच आ सकते हैं.
