विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान शुरू, सभी बूथ पर सुरक्षा का चाक चौबंद व्यवस्था, DM - IG ने की खास अपील
राजधानी पटना में बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीट के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है. मतदान को लेकर सभी बूथों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई है.
पटना: राजधानी पटना में बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीट के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है. मतदान को लेकर सभी बूथों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पटना एवं नालंदा सहित अन्य जिले भी शामिल हैं. निर्वाचन के मद्देनजर दोनों जिलों (पटना एवं नालंदा) के सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.
मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में सघन गश्ती एवं निगरानी सुनिश्चित करने हेतु जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. वरीय पदाधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं. निर्वाचन के दौरान किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदान हेतु पटना के जिलाधिकारी तथा आईजी जितेंद्र राणा ने मतदाताओं से अपील की है. उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से अपना मतदान करने की अपील की है साथ ही किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की भी अपील की है. बता दें कि मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है जो कि शाम के 4 बजे तक जारी रहेगी. विधान परिषद चुनाव के मतदान से पहले सभी दलों के नेताओं ने अपने उम्मीदवार के जीत का दावा किया है. वहीं मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोध में जन सुराज प्रत्याशी के जीत का दावा किया है.