पटना में EVM खराबी के बाद हंगामा: बूथ 143 पर पहुंचे प्रशांत किशोर,प्रशासन ने संभाला मोर्चा
पटना के दलदली रोड स्थित बूथ संख्या 143 पर EVM में तकनीकी खराबी आने के बाद मशीन बदली गई. इसे लेकर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया. पुलिस ने स्थिति संभाली और नई EVM लगाकर मतदान फिर से शुरू कराया. इस दौरान प्रशांत किशोर भी मौके पर पहुंचे.
पटना (PATNA) : बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान राजधानी पटना के दलदली रोड स्थित मतदान केंद्र संख्या 143 पर ईवीएम में खराबी आने के बाद हंगामे की स्थिति बन गई. मतदान के दौरान मशीन में तकनीकी दिक्कत आने के कारण उसे बदलना पड़ा. इस दौरान स्थानीय लोगों ने EVM बदले जाने पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
दोबारा मतदान शुरू करा दिया गया
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. पुलिस और चुनाव अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया. कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, लेकिन नई EVM लगाए जाने के बाद दोबारा मतदान शुरू करा दिया गया.
इसी बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मतदान केंद्र पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने चुनाव अधिकारियों से EVM बदले जाने की प्रक्रिया और मतदान को लेकर जानकारी हासिल की. उनके पहुंचने के बाद भी लोगों की भीड़ मौके पर बनी रही, हालांकि प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में रखा.
तकनीकी खराबी आने के कारण बदला गया
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती EVM में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे बदला गया. अधिकारियों ने बताया कि खराब हुई मशीन में 53 वोट दर्ज हो चुके थे. चुनाव आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार उन सभी वोटों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा गया है और अंतिम मतगणना में उन्हें जोड़ा जाएगा. इसके बाद नई EVM लगाकर मतदान की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई.
मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि EVM बदलने की पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई है और मतदाताओं के किसी भी वोट का नुकसान नहीं होगा. फिलहाल मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है.