बिहार बंद के दौरान पटना में हंगामा! हिरासत में लिए गए तेज प्रताप यादव, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

बिहार बंद के दौरान पटना में हंगामा! हिरासत में लिए गए तेज प्रताप यादव, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

पटना (PATNA): नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज बिहार बंद बुलाया गया है. राज्य के अलग-अलग जिलों में इसका मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है. वहीं राजधानी पटना में भी छात्र चौक-चौराहों पर धरना-प्रदर्शन करते हुए दिखाई दिए. इसी बीच पटना से बड़ी खबर आ रही है, जहां रामगुलाम चौक के पास कई प्रदर्शनकारी छात्र मोबाइल टावर पर चढ़ गए, जिन्हें नीचे उतारने के लिए पुलिस लगातार कोशिश कर रही है. वहीं दूसरी तरफ पटना स्टेशन के पास तेज प्रताप यादव छात्रों के समर्थन में पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने पत्थरबाजी का लगाया आरोप

आपको बता दें कि बिहार बंद को लेकर पुलिस पूरी तरह से तैयार है. इसके बावजूद प्रदर्शन करते हुए छात्र डाकबंगला चौराहे पर पहुंच गए, जहां उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वहां से हटाया. हेलमेट पहनकर सड़क पर उतरे पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया और बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की.

पुलिस ने लाठीचार्ज किया

आपको बता दें कि राजधानी पटना समेत राज्य के अलग-अलग जिलों में 70,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें CISF और CRPF के जवान भी शामिल हैं. हर गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो. पुलिस का साफ कहना है कि अगर कोई उपद्रव करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. इसी कार्रवाई के दौरान कई छात्रों के साथ तेज प्रताप यादव को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया.