पटना (PATNA) : बिहार विधान परिषद में ग्राम पंचायतों में टैक्स लगाए जाने के मुद्दे पर जोरदार बहस हुई,राष्ट्रीय जनता दल के MLC सुनील कुमार सिंह ने सरकार पर गरीबों पर टैक्स का बोझ डालने का आरोप लगाया.इस पर खुद CM सम्राट चौधरी ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार गरीबों पर कोई नया टैक्स नहीं लगा रही है और विपक्ष का आरोप पूरी तरह गलत और निराधार है.
इसका क्या औचित्य है
सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सरकार ग्राम पंचायतों के माध्यम से टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है, जिससे गरीब और आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा. उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर गरीबों पर टैक्स लगाने की जरूरत क्यों पड़ रही है और इसका क्या औचित्य है.
पूरी तरह गलत और निराधार
इस सवाल का जवाब देने के लिए खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सदन में खड़े हुए. उन्होंने विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि सरकार गरीबों पर कोई नया टैक्स नहीं लगा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत व्यवस्था को बेहतर ढंग से चलाने के लिए कुछ कानूनी प्रावधान किए गए हैं, लेकिन विपक्ष जिस तरह यह प्रचार कर रहा है कि सरकार गरीबों पर टैक्स का बोझ डाल रही है, वह पूरी तरह गलत और निराधार है.
सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने की नहीं बल्कि पंचायतों को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की है. उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह का फैसला जनता के हितों को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा.
किसी तरह का भ्रम न रहे
वहीं, राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह अपने आरोपों पर कायम रहे. उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए ताकि लोगों के बीच किसी तरह का भ्रम न रहे. उन्होंने मांग की कि यदि ऐसा कोई प्रावधान है जिससे आम लोगों पर टैक्स का असर पड़ता है,तो सरकार उसे वापस ले.
पूरी तरह बेबुनियाद
इस मुद्दे को लेकर सदन में कुछ देर तक बहस होती रही. सरकार और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने पक्ष रखे. हालांकि मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि गरीबों पर नया टैक्स लगाने की बात पूरी तरह बेबुनियाद है

