पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव, पैक्स अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या
राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में बेखौफ अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें पैक्स अध्यक्ष की मौत हो गई
राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके में बेखौफ अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें पैक्स अध्यक्ष की मौत हो गई
पटना: एक तरफ बिहार की पुलिस अपराध पर नियंत्रण करने का दावा करती है तो दूसरी तरफ अपराधी बेखौफ हो कर अपने कारनामे को अंजाम देते हैं. अपराधी जब जिसे चाहे उसे गोली मार देते हैं या किसी भी अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे आसानी से भाग निकलते हैं. ऐसा ही मामला सामने आया है राजधानी से सटे मनेर से जहां अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख के पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना में जहां पैक्स अध्यक्ष की मौत हो गई वहीं प्रखंड प्रमुख के पति की हालत गंभीर है. घटना मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव की है जहां अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की गोली मारकर हत्या कर दी वहीं प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई.
मिली जानकारी के अनुसार, ब्यापुर गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू और प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार एक साथ थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी प्रखंड प्रमुख पति के घर के समीप पहुंचे. अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गोलीबारी के दौरान पैक्स अध्यक्ष को बचाने के लिए प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार आगे आए. इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए दानापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. साथ ही गोलीबारी के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.