महज 8 सौ के लिए दो दोस्तों की हत्या! डंडे पत्थर से मारकर कुएं में फेंका शव, पुलिस ने किया ऐसे बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार, सभी किशोर और आरोपी एक-दूसरे के दोस्त थे. वे कथित तौर पर चोरी और छिनतई की घटनाओं में साथ शामिल थे. हाल ही में चोरी किए गए तांबे को बेचने से मिले 800 रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद में आरोपियों ने सोनू पर डंडे और पत्थर से हमला कर दिया. इसके बाद घटना का राज खुलने के डर से दूसरे किशोर रजनीश की भी हत्या कर दी गई. दोनों के हाथ बांधकर शव कुएं में फेंक दिए गए.
पटना (PATNA): बाढ़ अनुमंडल के मोकामा थाना अंतर्गत बरहपुर गांव के कुएं में मिले दो किशोर (रजनीश कुमार (14) और सोनू कुमार (13)) के शव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवक को गिरफ्तार किया है, गिरफ्तार तीनो युवक और मृतक एक ही गांव का ही रहने वाला है और सभी दोस्त थे. इनमें चोरी के तांबे की आठ सौ रूपए को लेकर विवाद था. वहीं पुलिस जांच में यह सामने आया है कि सभी चोरी छिनतई जैसी घटनाओं में साथ शामिल थे. इसी चोरी के रूपए बांटने को लेकर विवाद हुआ और तीन दोस्तों ने ही दोनों किशोर को मौत के घाट उतार दिया. मौके पर नशे की सामग्री से जुड़ा एक लोहे का सामान मिला था.
ऐसे हुआ खुलासा
एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि मामले को लेकर तीन अलग-अलग टीम बनाई गई थी और 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया गया है. मामले में कारू बिन्द, गोलू कुमार और शिवा तीन युवक को गिरफ्तार किया गया है. तीनों ने पुलिस से पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, घटना का मुख्य कारण है कि कारू बिन्द वहां लोकल में चोरी, छिनतई जैसी घटनाओं का सरगना चलता था. उसी में आठ सौ रूपए बांटने को लेकर विवाद था और कुंए के पास आपस में बाता बाती हुई और गोलू और शिव ने सोनू पर जानलेवा हमला किया और मृत्यु होने पर हाथ बांधकर कुएं में फेंक दिया. साथ आए दूसरे युवक रजनीश को मारने की वजह सिर्फ यही थी कि वह इसकी जानकारी दूसरों को ना दे.
आरोपियों ने स्वीकारा अपराध
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त गोलू कुमार के स्वीकारोक्ति वयान से यह स्पष्ट हुआ कि सभी अभियुक्त और मृतक सोनू कुमार साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. हाल ही में चोरी किए गए तांबे की बिक्री से प्राप्त राशि के बंटवारे को लेकर सोनू कुमार और अन्य अभियुक्तों के बीच विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में योजनाबद्ध तरीके से सोनू कुमार को गांव के ही कुएं के पास बुलाया गया, जहाँ विवाद बढ़ने पर डंडे और पत्थर से प्रहार कर उसे बेहोश कर दिया गया और घटना का राज खुल जाने के भय से चश्मदीद रजनीश कुमार और अचेत अवस्था में पड़े सोनू कुमार के हाथों को शर्ट से बांधकर दोनों को कुएं में धकेल दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है.