पटना में विरोध के दौरान TRE-4 अभ्यर्थियों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, CM आवास की ओर बढ़े छात्र, प्रशासन अलर्ट
पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ दी. छात्र एकल परीक्षा कराने और निगेटिव मार्किंग हटाने की मांग को लेकर कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं.
पटना (PATNA):बिहार की राजधानी पटना में TRE-4 के अभ्यर्थियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च शुरू कर दिया है. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है. छात्रों की मांग है कि TRE-4 की परीक्षा एकल चरण में कराई जाए और निगेटिव मार्किंग को खत्म किया जाए.
पिछले कई दिनों से पटना में चल रहा है विरोध
अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से पटना के गर्दनीबाग में अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि TRE-4 में दो चरणों की परीक्षा और निगेटिव मार्किंग से अभ्यर्थियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा. इसी मांग को लेकर छात्रों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करने का फैसला किया. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की है और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है.
इन मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन पर है छात्र
दरअसल, BPSC ने TRE-4 की परीक्षा को लेकर दो चरणों में परीक्षा कराने और निगेटिव मार्किंग रखने की बात कही है. इसी फैसले के विरोध में अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों की मांग है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा एक ही चरण में हो और निगेटिव मार्किंग खत्म की जाए. फिलहाल छात्रों के मार्च को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है.