मोकामा(MOKAMA):मोकामा प्रखंड के दरियापुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया.जहां स्नान करने काली स्थान घाट गए दो किशोर गंगा किनारे बने गहरे गड्ढे में डूब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई.मिली जानकारी के अनुसार, स्नान के दौरान दोनों किशोरों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए. मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण दौड़कर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद 12 वर्षीय मोहम्मद रेहान और 15 वर्षीय मोहम्मद जैद को पानी से बाहर निकाला गया.
दो किशोरों की मौत
ग्रामीण दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे और हाथीदह थाना पुलिस को घटना की सूचना दी.अस्पताल में डॉक्टरों ने काफी प्रयास के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.इस हादसे के बाद दरियापुर गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है. सूचना मिलते ही हाथीदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल बाढ़ भेज दिया.पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से मोकामा में एसडीआरएफ की स्थायी तैनाती की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में केवल मोकामा प्रखंड में डूबने से 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. इसके बावजूद अब तक एसडीआरएफ की टीम की तैनाती नहीं की गई है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

