एक ही झटके में उजड़ गया पूरा परिवार, शिवहर में पेड़ गिरने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत

एक ही झटके में उजड़ गया पूरा परिवार, शिवहर में पेड़ गिरने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत

सीतामढी (SITAMARHI): बिहार के सीतामढी जिले में पेड़ गिरने से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. पुरी घटना शिवहर लोकसभा क्षेत्र के सीतामढ़ी जिला अंतर्गत रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी पंचायत स्थित धनुषी टोला का है.जहां देर रात अचानक एक विशाल पुराना पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़कर एक फूसनुमा घर पर गिर पड़ा, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.हादसे के बाद पूरे गांव में मातम और चीख-पुकार का माहौल है.

जड़ से उखड़ गया पुराना पीपल का पेड़

जानकारी के अनुसार, सिकंदर सहनी का परिवार रात में भोजन करने के बाद घर में सो रहा था. इसी दौरान तेज आवाज के साथ विशाल पीपल का पेड़ उनके घर पर आ गिरा.देखते ही देखते पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया और परिवार के सदस्य उसके नीचे दब गए.इस भीषण हादसे में सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (28 वर्ष), पुत्र राजकुमार (7 वर्ष), पुत्री शिवानी (5 वर्ष) और एक माह के मासूम पुत्र लाइगर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल वीर भर्द कुमार (2 वर्ष) को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

पांच लोगों की मौत से गांव में पसरा मातम

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह, रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी तथा बीडीओ संजय पाठक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है.पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि प्रशासन द्वारा राहत और मुआवजा संबंधी प्रक्रिया शुरू की जा रही है.इस दर्दनाक घटना के बाद धनुषी टोला समेत आसपास के गांवों में भी शोक की लहर है.एक मां और उसके चार मासूम बच्चों की मौत ने पूरे शिवहर लोकसभा क्षेत्र को गमगीन कर दिया है.