बिहार के बाढ़ में फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
बाढ़ के अथमलगोला थाना क्षेत्र में बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार अजीत सिंह की मौत हो गई. घटना से नाराज ग्रामीणों ने फोरलेन जाम कर दिया.
बाढ़ (PATNA): पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र में बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई. घटना बुजरूक गांव के पास हुई, जहां पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और विरोध में फोरलेन को जाम कर दिया.
मृतक की पहचान अजीत सिंह के रूप में
मृतक की पहचान चंदा गांव निवासी करीब 40 से 45 वर्षीय अजीत सिंह उर्फ मतंग के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार अजीत सिंह अपने धान के खेत देखने गए थे. खेत से काम देखकर वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बुजरूक गांव के पास फोरलेन पर यह हादसा हो गया. स्थानीय राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, अजीत सिंह बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर गंभीर होने के कारण अजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े और कुछ ही समय में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई.
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
घटना से नाराज ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर आवागमन बाधित कर दिया. सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. ग्रामीण घटना को लेकर कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर डटे रहे. वहीं, दुर्घटना में शामिल चार पहिया वाहन की पहचान और हादसे के समय उसमें मौजूद लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस
सड़क हादसे और जाम की सूचना मिलने के बाद अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थिति को देखते हुए अनुमंडल क्षेत्र के अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और सड़क से जाम हटवाने का प्रयास किया. घटना के बाद मृतक के परिजनों और गांव के लोगों में शोक का माहौल है. पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है