दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी पटना में बदलेगा ट्रैफिक रूट, कई मार्गों पर आवाजाही पर रोक
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन में बदलाव किया गया है। कई सड़कों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है, जबकि कुछ मार्गों पर केवल आपातकालीन वाहनों के आवाजाही की अनुमति दी जाएगी
पटना: देश भर में नवरात्रि की धूम है और जगह जगह पर पूजा पंडालों की सजावट अंतिम चरणों में है. राजधानी पटना में भी नवरात्रि पूजा के बीच मेला की खास तैयारी पूजा पंडालों के द्वारा की जा रही है तो दूसरी तरफ लोगों की भीड़ के मद्देनजर प्रशासन भी तैयारी में जुटा है. एक तरफ जहां भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है तो दूसरी तरफ कई अन्य व्यवस्थाएं. इसी कड़ी में राजधानी में दुर्गा पूजा मेला के दौरान कई इलाकों में होने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक में भी बदलाव किया गया है. पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले एडवाइजरी देखने की अपील की है.
डाकबंगला से कोतवाली की तरफ
पटना ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पटना जंक्शन, एग्जीबिशन रोड या भट्टाचार्य मोड़ की तरफ से आने वाली वाहनों कोतवाली की तरफ नहीं जा सकेंगी. इन वाहनों को पटना संग्रहालय की तरफ से जाना होगा.
नाला रोड और मछुआ टोली
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नाला रोड और मछुआ टोली की तरफ व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं दिनकर गोलंबर से उत्तर की तरफ भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
कई अन्य इलाकों में भी रहेगा प्रतिबंध
खजपुरा, डुमरांव चौकी और जगदेव पथ इलाके में शाम 4 बजे के बाद वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पुलिस के अनुसार भीड़ की स्थिति को देखते हुए प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है. इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में दुर्गा पूजा की समाप्ति तक एंबुलेंस, शव वाहन समेत अन्य आपातकालीन और पासधारी वाहनों के अलावा बाकी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है.
ट्रैफिक एसपी खुद कर रहे मॉनिटर
दुर्गा पूजा मेला के दौरान राजधानी में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके मद्देनजर कई सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. अब इसके साथ ही ट्रैफिक एसपी खुद सड़कों पर उतरे हैं और घूम घूम कर पंडाल समेत यातायात व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने आमजनों से भी अपील की है कि घरो से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था के बारे में अवश्य जान लें और वाहनों के प्रतिबंधित परिचालन या भीड़ भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें.