पटना (PATNA):पटना में मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा निर्देश दिया है.उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि नेहरू पथ यानी बेली रोड पर यातायात हर हाल में सुचारु रहे और जहां जरूरत हो, वहां सड़क का चौड़ीकरण कर लोगों की आवाजाही आसान बनाई जाए.ताकी मेट्रो निर्माण की वजह से आम लोगों को जाम की समस्या से ना जूझना पड़े और लोग आसान से आना जाना कर सकें.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की.जहां पटना मेट्रो निर्माण के कारण नेहरू पथ पर यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
नेहरू पथ पर 11 ऐसे स्ट्रेच चिन्हित
अधिकारियों ने बताया कि नेहरू पथ पर 11 ऐसे स्ट्रेच चिन्हित किए गए हैं, जहां ट्रैफिक सुधार की जरूरत है.मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी चिन्हित स्थानों का स्थल निरीक्षण कर वास्तविक जरूरत के अनुसार सड़क चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार, बॉटलनेक हटाने और अन्य जरूरी कार्य किए जाएं, ताकि यातायात सुचारु बना रहे.उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन इसके निर्माण के दौरान आम लोगों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए. जहां निर्माण कार्य के कारण ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना हो, वहां पहले से वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएं और उन्हें भी आवागमन के अनुकूल बनाया जाए.
नेहरू पथ पर उपयुक्त वेंडिंग जोन चिन्हित करने का भी निर्देश
मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे की गतिविधियों को व्यवस्थित करने और नेहरू पथ पर उपयुक्त वेंडिंग जोन चिन्हित करने का भी निर्देश दिया. साथ ही पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो, जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाकर ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना पर तेजी से काम करने को कहा.उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा भी सरकार की प्राथमिकता है. इसलिए पटना मेट्रो निर्माण के दौरान नेहरू पथ समेत सभी प्रभावित इलाकों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम समय पर उठाए जाएं.

