नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, कोचिंग और सुरक्षा विवाद पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी का दो टूक

नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, कोचिंग और सुरक्षा विवाद पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी का दो टूक

पटना (PATNA) : बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कोचिंग संस्थानों को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने कोचिंग संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है. इसके अलावा उन्होंने लालू प्रसाद यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था पर दिए गए बयान पर भी पलटवार किया.

कानूनी कार्रवाई होना तय

मंत्री अशोक चौधरी ने कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद और हालिया घटनाओं पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि जो भी गलत करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आत्मरक्षा में गोली चलाना अलग बात है, लेकिन यदि आत्मरक्षा के अलावा किसी अन्य कारण से गोली चलाई गई है तो संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई होना तय है

आगे भी करेगीआवश्यक कार्रवाई 

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कोचिंग संस्थानों की व्यवस्था को लेकर गंभीर है और इस दिशा में लगातार कदम उठा रही है. उन्होंने कहा कि कई कोचिंग संस्थानों में आज भी छात्रों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है जो चिंता का विषय है. सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई करेगी.

सरकार का यह फैसला बिल्कुल सही

उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला बिल्कुल सही है कि स्कूल और कॉलेज के समय में कोचिंग संस्थान नहीं चलेंगे. उनका कहना था कि छात्रों की नियमित पढ़ाई स्कूल और कॉलेज में होनी चाहिए, न कि वे केवल कोचिंग संस्थानों पर निर्भर रहें. उन्होंने याद दिलाया कि जब वह शिक्षा मंत्री थे तब भी इस व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास किया गया था.

इस दौरान अशोक चौधरी ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव  द्वारा नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि ऐसे बयान वास्तविकता से परे हैं और सुरक्षा संबंधी निर्णय सरकार नहीं बल्कि सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन तय करते हैं.

स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी जिम्मेदारी 

लालू परिवार द्वारा सुरक्षा नहीं लेने संबंधी सवाल पर मंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था को स्वीकार नहीं करता है और भविष्य में कोई घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी. उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों के अनुसार जितनी सुरक्षा निर्धारित है उतनी ही उपलब्ध कराई जाएगी. किसी की मांग पर सुरक्षा बढ़ाना संभव नहीं है.

अशोक चौधरी ने दोहराया कि कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.