बिहार में अब उद्योग का पहिया तेजी से घूमेगा ! 33 कंपनियां, ₹915 करोड़ निवेश और 2,300 नौकरियों की उम्मीद
बिहार में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने की तैयारी तेज हो गई है. बियाडा ने 33 औद्योगिक इकाइयों को 64.23 एकड़ जमीन आवंटित करने की मंजूरी दी है. करीब ₹915.52 करोड़ के निवेश से 2,300 रोजगार पैदा होने की उम्मीद है.
पटना: बिहार में उद्योग लगाने वालों के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. अब राज्य में 33 नई औद्योगिक इकाइयां लगाने का रास्ता साफ हो गया है. बियाडा ने इन कंपनियों को 64.23 एकड़ जमीन और प्लग एंड प्ले शेड आवंटित करने की मंजूरी दे दी है. इन परियोजनाओं में करीब ₹915.52 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 2,300 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.यानी बिहार में अब सिर्फ बात नहीं, उद्योग लगाने और रोजगार बढ़ाने की तैयारी भी तेज हो रही है.
कहां-कहां लगेंगे उद्योग?
बियाडा की परियोजना स्वीकृति समिति (PCC) की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक की अध्यक्षता बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार, IAS ने की. इस दौरान राज्य के अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में नई इकाइयां लगाने और जमीन आवंटन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई.जिन क्षेत्रों में उद्योग लगाने की तैयारी है, उनमें कुमारबाग, सिकंदरपुर, पाटलिपुत्र, फतुहा, बरियारपुर, औरंगाबाद, नावानगर और बिहारशरीफ शामिल हैं. अलग-अलग इलाकों में उद्योग स्थापित होने से बिहार के कई जिलों में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है.
खाने-पीने से लेकर कपड़ा और पाइप बनाने तक का कारोबार
इन 33 औद्योगिक इकाइयों में कई तरह के उद्योग शामिल हैं. कहीं खाद्य प्रसंस्करण का काम होगा, तो कहीं कपड़ा और परिधान तैयार किए जाएंगे. इसके अलावा यूपीवीसी पाइप, पीयू फोम, बैग निर्माण और दूसरे विनिर्माण उद्योग भी स्थापित होंगे. इन इकाइयों के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर कामगारों, तकनीकी कर्मचारियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं. खासकर उन इलाकों में जहां अब तक बड़े उद्योगों की संख्या कम रही है, वहां आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
उद्योग लगाने के लिए अब कम करनी होगी भागदौड़
बियाडा ने प्लग एंड प्ले सुविधा वाले प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है. इसका मतलब है कि उद्योग लगाने वाले निवेशकों को तैयार औद्योगिक ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा. इससे जमीन और आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था में लगने वाला समय कम होगा और कंपनियां जल्द उत्पादन शुरू कर सकेंगी. सरकार की कोशिश है कि निवेशकों को बिहार में उद्योग लगाने के लिए ज्यादा इंतजार और परेशानी न हो. उद्योग बढ़ेंगे तो रोजगार बढ़ेगा, कारोबार को गति मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.कुल मिलाकर, 915 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश और 2,300 रोजगार का लक्ष्य बिहार के औद्योगिक विकास के लिए एक अहम पहल है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि ये कंपनियां जमीन पर कब उतरती हैं और रोजगार के ये अवसर युवाओं तक कितनी जल्दी पहुंचते हैं.