गांधी मैदान में जलेगा राज्य का सबसे बड़ा पुतला, निकाली जाएगी शोभायात्रा
राजधानी पटना के गांधी मैदान में आगरा से आए कलाकारों ने रावण का 90 फीट, मेघनाथ का 85 फीट और कुंभकर्ण का 80 फीट ऊंचा पुतला बनाया है. बारिश और हवा में भी पुतला को खड़ा रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
पटना: मंगलवार को पूरा देश खुशी और धूमधाम के साथ विजयादशमी का पर्व मना रहा है. देश भर के विभिन्न शहरों में बुराइयों पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण का दहन किया जाएगा. राजधानी पटना के गांधी मैदान में लगातार 71वें वर्ष राज्य का सबसे ऊंचा रावण के पुतले को जलाया जायेगा. गांधी मैदान में रावण दहन की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है जहां रावण के साथ ही मेघनाथ और कुंभकर्ण का भी पुतला तैयार किया गया है. इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी की भी तैयारी की गई है जबकि सुरक्षा की भी चाक चौबंद व्यवस्था की गई है.
आंख से अंगारे, मुंह से निकलेंगे शोले
रावण दहन के लिए गांधी मैदान में कई बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई है. दहन के वक्त रावण की आंखों से अंगारे, मुंह से शोले और कान तथा कंधों से रंगीन धुआं निकलता हुआ दिखाई देगा. इसके साथ ही लाइट और साउंड इफेक्ट से कई जीवंत तस्वीरें बनाई जाएंगी. हवा और बारिश की स्थिति में पुतलों की सुरक्षा के लिए स्टील के पाइप का सहारा लिया गया है ताकि किसी भी स्थिति में पुतले गिरें नहीं. सुरक्षा के लिए सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं जबकि 120 कैमरों से भी पूरे गांधी मैदान और आसपास के इलाके की निगरानी की जाएगी. गांधी मैदान में इस बार दहन के लिए रावण का 90 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है जबकि मेघनाथ का 85 फीट और कुंभकर्ण का 80 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है. तीनों पुतले आगरा से आए कलाकारों ने बनाया है.
निकाली जाएगी शोभायात्रा
रावण दहन से पहले दोपहर 2 बजे एक शोभायात्रा निकाली जाएगी. शोभायात्रा नागाबाबा ठाकुरबाड़ी से निकाली जाएगी जिसमें रथ पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण के साथ हनुमान जी विराजमान होंगे. इसके साथ ही वानर सेना की भी झांकी भी दिखाई जाएगी. शोभायात्रा करीब 4 बजे के आसपास गांधी मैदान पहुंचेगी जिसके बाद सांस्कृतिक कला संगम के कलाकार रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन करेंगे.
कई सड़कों पर आवाजाही प्रतिबंधित
गांधी मैदान में रावण दहन देखने के लिए जुटने वाली भीड़ के मद्देनजर कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. पटना ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी एडवाइजरी के अनुसर डाकबंगला चौराहा और भट्टाचार्य मोड़ से वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा जबकि नेहरू पथ (बेली रोड) पर आने वाले वाहनों को आयकर चौराहा से डायवर्ट कर दिया जाएगा. इसके साथ ही मंगलवार सुबह 11 बजे से आयुक्त कार्यालय के सामने से जेपी गंगा पथ पर गोलंबर से गांधी मैदान की तरफ तथा रामगुलाम चौक से पश्चिमी जेपी पथ तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. जेपी गोलंबर से चिल्ड्रन पार्क तक का रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा जबकि ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से पश्चिमी गांधी मैदान की तरफ तथा आईएमए हॉल, होटल पनाश, मौर्य होटल समेत अन्य सभी कटिंग से गांधी मैदान की तरफ वाहनों की आवाजाही नहीं होगी.