विधानसभा अध्यक्ष ने कई घाटों का किया निरीक्षण, कहा 'छठ व्रतियों को न हो परेशानी'
बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने पटना के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, छठ व्रतियों की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने पटना के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, छठ व्रतियों की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन आज व्रती खरना करेंगे, लेकिन इस बीच पूरे बिहार में छठ घाटों पर तैयारी चुस्त दुरुस्त जारी है. राजधानी पटना समेत बिहार में करीब 10 हजार से अधिक घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं. तैयारियों की जिम्मेदारी एक तरफ जहां प्रशासनिक अधिकारियों के कंधे पर है तो जनप्रतिनिधि भी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. इसी कड़ी में शनिवार को विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने पटना के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मीनार घाट, जेपी सेतु घाट, बिंदटोली घाट, दीघा घाट एवं 93 गेट संजय सिंह घाट का निरीक्षण किया.
ध्यान रखें, छठव्रतियों को न हो दिक्कत
निरीक्षण के दौरान में विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने बिहार सरकार, जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि घाटों पर स्वच्छता, रोशनी, सुरक्षा, पहुंच पथ, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप, एनडीआरएफ की टीम, प्रशिक्षित गोताखोरों सहित तमाम आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो. उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान, आस्था, पवित्रता और लोक परंपरा का अद्भुत प्रतीक है. इस महापर्व में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों एवं विदेशों से भी श्रद्धालुओं का बिहार आगमन हो रहा है. पूरा बिहार भक्तिमय वातावरण में भगवान सूर्य की आराधना में लीन है.
यूनेस्को की सूची में शामिल करने की हुई है पहल
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भी छठ महापर्व की महत्ता को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है. देश के विभिन्न हवाई अड्डों एवं रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों के संगीत और छठ पर्व से संबंधित चित्रांकन के माध्यम से इस महापर्व की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है. यह गर्व का विषय है कि बिहार का लोकपर्व छठ आज पूरे भारत में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. केंद्र की नरेंद्र भाई मोदी जी की कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी प्रयासों से लोक आस्था के इस महापर्व छठ को आज वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान मिल रही है. मोदी सरकार द्वारा छठ महापर्व को यूनेस्को की संस्कृति विरासत सूची में शामिल करने की ऐतिहासिक पहल की गई है जो हमारी सनातन संस्कृति और बिहार की गौरवशाली परंपरा के प्रति उनके गहरे सम्मान को दर्शाता है.
उन्होंने समस्त बिहारवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान भास्कर एवं छठी मैया से सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की. इस अवसर पर एडीएम डी पी शाही, अंचल अधिकारी पाटलिपुत्र अनुज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर पटना सीमा कुमारी, रणविजय रौशन, राजा पाण्डेय, गणेश सहित एनडीआरएफ के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
