हड़ताल पर गए अमीनों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जारी किया आदेश
बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने हड़ताल में शामिल अमीनों को उनके सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से मुक्त करने का निर्देश दिया है.
पटना: बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने हड़ताल में शामिल अमीनों को उनके सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से मुक्त करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही विभाग ने सभी के ई मापी पोर्टल का आईडी निष्क्रिय करने का भी आदेश जारी किया है. इस संबंध में विभाग के अपर सचिव अमित कुमार पांडेय ने मंगलवार को सभी समाहर्ताओं को पत्र जारी कर निर्देश दिया है.
अपने पत्र में अपर सचिव ने लिखा है कि अमीनों की मांग पर विभिन्न स्तर पर वार्ता कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया साथ ही अपने काम पर वापस लौटने की अपील की गई. बावजूद इसके लगातार सूचना मिल रही है कि अमीन अभी हड़ताल पर बने हुए हैं. इस वजह से लगातार ई मापी के लंबित मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे लोकहित के कार्यों और राजस्व संबंधी गतिविधियों पर लगातार प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इसे देखते हुए प्रशासनिक और लोकहित को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि हड़ताल पर गए सभी अमीनो को उनके दायित्व से तत्काल प्रभाव से मुक्त किया जाए. अपर सचिव ने सभी समाहर्ताओं को 24 घंटे के अंदर निर्देश का अनुपालन कर कार्रवाई की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
विभाग के अपर सचिव ने कहा कि हड़ताल में शामिल अमीनों के रिक्त स्थानों पर संबंधित अंचल के विशेष सर्वेक्षण अमीनों की आनुपातिक रूप से प्रतिनियुक्ति की जाएगी. संबंधित अंचल अधिकारी को प्रतिनियुक्त अमीनों को मापी कार्य के लिए ई-मापी पोर्टल पर ऑनबोर्ड कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. संबंधित अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को पोर्टल पर प्रतिनियुक्त अमीनों को सक्रिय करने की आवश्यक प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा गया है.