पटना में प्रदर्शन स्थल निर्धारित, चयन स्थल से दूसरे जगह किया प्रोटेस्ट तो होगी कार्रवाई
पटना में अब धरना-प्रदर्शन करने वाले संगठनों और लोगों को निर्धारित जगह का ही इस्तेमाल करना होगा. गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल तय किया गया है. दूसरे इलाकों में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पटना (PATNA): देश भर में SIR और चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन तेज है. ऐसे में पटना में भी चुनाव आयुक्त को लेकर धरना प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. दिल्ली के जंतर मंतर में प्रोटेस्ट रोकने के बाद बिहार सरकार भी सख्त हो गई है. दरअसल, पटना में अब धरना-प्रदर्शन करने वाले संगठनों और लोगों को निर्धारित जगह का ही इस्तेमाल करना होगा. जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने के लिए गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल तय किया गया है. इसके अलावा शहर के दूसरे इलाकों में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में निर्देश जारी किया. प्रशासन का कहना है कि कई संगठन और लोग बिना पहले से सूचना दिए या जरूरी अनुमति लिए प्रदर्शन करने लगते हैं. इससे शहर में यातायात व्यवस्था बिगड़ती है और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने निर्धारित स्थल पर ही प्रदर्शन करने की अपील की है.
जिलाधिकारी और एसएसपी के मुताबिक, सड़कों पर या दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शन होने से स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और न्यायालय जैसे जरूरी संस्थानों का काम प्रभावित होता है. इसके अलावा दुकानदारों, व्यापारियों और अन्य कारोबारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है. जाम लगने से लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं. सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बीमार लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है. कई बार एंबुलेंस और दूसरी आपातकालीन सेवाओं को भी रास्ता मिलने में परेशानी होती है. इससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो सकती है. प्रशासन का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को परेशानी से बचाना उसकी प्राथमिकता है. इसलिए सभी संगठनों को नियमों का पालन करना चाहिए और प्रदर्शन के लिए तय जगह का ही इस्तेमाल करना चाहिए.
प्रशासन ने सभी संगठनों और प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से रखें. इसके लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल पर प्रदर्शन करें, ताकि आम लोगों की आवाजाही और जरूरी सेवाओं पर असर न पड़े. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि तय जगह के अलावा अन्य स्थानों पर प्रदर्शन करने या प्रशासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. ऐसे में पटना में धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे संगठनों को पहले से नियमों की जानकारी लेकर निर्धारित स्थल पर ही अपनी बात रखनी होगी.