Bihar News: गृह सचिव पंकज कुमार ने खाली पद जल्द भरने का दिया आदेश, नियुक्ति प्रक्रिया होगी तेज

गृह विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया है. प्रधान सचिव पंकज कुमार ने अधिकारियों को खाली पद जल्द भरने के लिए जरूरी कार्रवाई पूरी करने को कहा.

Bihar News: गृह सचिव पंकज कुमार ने खाली पद जल्द भरने का दिया आदेश, नियुक्ति प्रक्रिया होगी तेज

पटना (PATNA): गृह विभाग में खाली पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसे लेकर 11 सितंबर को गृह विभाग में प्रधान सचिव पंकज कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय और विभिन्न निदेशालयों से नियुक्ति को लेकर मिली रिपोर्ट की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने अलग-अलग विभागों में खाली पदों और उन पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया की जानकारी प्रधान सचिव के सामने रखी. बैठक में फैसला लिया गया कि रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी. इसके लिए सभी निदेशालयों से मिली जानकारी को एक साथ जोड़कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. इस रिपोर्ट में किस विभाग में कितने पद खाली हैं और उन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया कहां तक पहुंची है, इसकी पूरी जानकारी शामिल होगी.

प्रधान सचिव पंकज कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अलग-अलग पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए. इसके लिए रोस्टर क्लियरेंस, संबंधित पदों के लिए अधियाचना भेजने और विज्ञापन जारी करने की स्थिति की समीक्षा की जाएगी. जिन पदों पर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां जरूरी कार्रवाई जल्द पूरी करने पर जोर दिया गया. अधिकारियों से कहा गया कि नियुक्ति प्रक्रिया के हर चरण पर नियमित नजर रखी जाए, ताकि किसी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो. गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश भी दिया गया, जिससे खाली पदों को जल्द भरा जा सके और विभागीय कामकाज पर इसका असर न पड़े.

बैठक में प्रधान सचिव ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी नियुक्ति प्रक्रिया की लगातार समीक्षा करें और जरूरत के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें. सरकार का उद्देश्य रिक्त पदों को जल्द भरकर विभाग की कार्यक्षमता को मजबूत करना है. बैठक में गृह विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी, आईजी (मुख्यालय) मनोज कुमार, निदेशक (अभियोजन) सुधांशु कुमार चौबे, अपर सचिव कुंदन कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी आदित्य कुमार झा समेत गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों को नियुक्ति से जुड़े सभी जरूरी काम समय पर पूरा करने और प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया.