11 लाख रुपए बांटने के चक्कर में खुल गया पूरा पोल, SSP ने 5 दारोगा समेत 8 को किया सस्पेंड, FIR दर्ज

बिहार में एक तरफ सरकार और पुलिस के आलाधिकारी अधिकारियों को पीपल फ्रेंडली पुलिसिंग की नसीहत देते हैं वहीं भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई भी जारी है लेकिन फिर भी कुछ पुलिसकर्मी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं.

11 लाख रुपए बांटने के चक्कर में खुल गया पूरा पोल, SSP ने 5 दारोगा समेत 8 को किया सस्पेंड, FIR दर्ज

पटना: बिहार में एक तरफ सरकार और पुलिस के आलाधिकारी अधिकारियों को पीपल फ्रेंडली पुलिसिंग की नसीहत देते हैं वहीं भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई भी जारी है लेकिन फिर भी कुछ पुलिसकर्मी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है राजधानी पटना से जहां पांच दारोगा और तीन कांस्टेबल अपने भ्रष्टाचार को पचा नहीं सके और अब निलंबित कर दिए गए हैं. इसके साथ ही सभी के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गई. मामला है राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ़ थाना क्षेत्र का जहां सरकार और मुख्यालय के नाक के नीचे भ्रष्टाचार करने से भी पुलिसकर्मी नहीं चूक रहे हैं.

11 लाख रूपये ले कर छोड़ा

मामले में बताया जा रहा है कि फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ की खरीद बिक्री के आरोप में दो लोगों को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने और 11 लाख रुपए लेने के बाद छोड़ दिया गया. मामले में जानकारी के अनुसार फुलवारीशरीफ थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पठान टोली निवासी आकिब खान उर्फ मो शाकिब खान नामक एक बंटी को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया और जेल भी भेज दिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस उसके मकान मालिक मो आफताब आलम तथा एक अन्य व्यक्ति मो एहसान को भी हिरासत में लेकर थाना ले गई तथा उसका नाम प्राथमिकी में डालने के बजाय छोड़ने के बदले 11 लाख रुपए लिए. बाद में दोनों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया.

जांच में आरोप पाए गए सही

मामले में आरोप है कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी विभाग के वरीय अधिकारियों को भी नहीं दी गई. इस बीच रुपए के बंटवारे के दौरान सभी के बीच आपस में कहासुनी हो गई और इस कारण से मामला वरीय पदाधिकारियों तक पहुंच गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद फुलवारीशरीफ एएसपी ने जांच की. जांच के बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट में आरोपों को सही पाया और रिपोर्ट एसएसपी कार्तिकेय शर्मा को भेज दी. इसके बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी.

ये हैं अधिकारी और कांस्टेबल

इस मामले में फुलवारीशरीफ थाने के सब इंस्पेक्टर दिवाकर प्रसाद, नारद मुनी सिंह, रितेश कुमार, पवन कुमार और आकाश कुमार के साथ कांस्टेबल साबिर आलम, आनंद राज और शुभग कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. सभी आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है