बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ, राजनीति से हट कर भी दिखी कुछ तस्वीरें
बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों को सोमवार को कार्यकारी सभापति ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई
बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों को सोमवार को कार्यकारी सभापति ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई
पटना: बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्यों को सोमवार को कार्यकारी सभापति ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र यादव, विजय चौधरी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत अन्य कई मंत्री मौजूद रहे. विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामवचन राय ने शिक्षक निर्वाचन और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 8 नवनिर्वाचित एमएलसी को शपथ दिलाई. इस दौरान सत्ता पक्ष के कई बड़े चेहरे मौजूद थे जबकि विपक्ष से तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे.
शपथ ग्रहण के दौरान एक खास बात और दिखी. समारोह शुरू होने से पहले कार्यकारी सभापति रामवचन राय, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव के अलावा मंत्री श्रवण कुमार और रामकृपाल यादव बैठे थे. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी सभाभवन में पहुंचे और मंच के सामने कुर्सी पर बैठ गए. सीएम सम्राट की जब उनके ऊपर नजर पड़ी तब उन्होंने एक अधिकारी को भेज कर उन्हें मंच पर बुलाया. इस बीच तेजस्वी के मंच पर पहुंचने के पहले मंत्री रामकृपाल यादव को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी. इसके बाद तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के बगल में बैठे. मंच पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव के बीच हल्की बातचीत भी हुई. दोनों नेताओं के चेहरे पर मुस्कान दिखी.
शपथ ग्रहण समारोह में जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर भी पहुंचे. आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के बीच सत्ता पक्ष, विपक्ष और जन सुराज के नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी अहम बना दिया.