शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को पत्र लिख भ्रष्टाचार से बचने की दी नसीहत, गड़बड़ करने पर सख्त कार्रवाई की भी दी चेतावनी
हाल ही में किशनगंज की डीपीओ रूबी कुमारी के विरुद्ध ईओयू ने प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की. इस मामले के बाद अब विभाग ने अन्य अधिकारियों को पत्र लिख सचेत किया तथा चेतावनी दी कि गड़बड़ी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
पटना: किशनगंज के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के विरुद्ध ईओयू की कार्रवाई के बाद अब शिक्षा विभाग ने अन्य अधिकारियों को सतर्क किया है. इस संबंध में शिक्षा विभाग ने सभी डीईओ और डीपीओ को पत्र लिख कर कहा है कि किशनगंज की डीपीओ के विरुद्ध की गई कार्रवाई गंभीर और खेदजनक है. शिक्षा विभाग ने सभी अधिकारियों को नियम के अनुसार और अनुशासन में रह कर काम करने की हिदायत दी है. इसके साथ ही चेतावनी भी दी है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वित्तीय अनुशासन बनाए रखें
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को पत्र भेज कर कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है. अगर कोई भी सरकारी कर्मी किसी भी प्रकार की अनियमितता में पकड़े जाते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. पत्र में एसीएस ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मियों से नियमों के अनुरूप काम करने तथा अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे. सरकारी कार्यों में वित्तीय अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है.
विभागीय अधिकारी और कर्मियों को किया आगाह
शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को यह भी आगाह किया है कि उनके किसी कार्य से अनुशासनात्मक या कानूनी कार्रवाई की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए. सरकारी पद पर रहते हुए नियमों का पालन करना और वित्तीय जिम्मेदारियों को पारदर्शिता के साथ पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है. पत्र में अधिकारियों को किसी भी तरह की अनियमितता से बचते हुए विभाग की छवि को धूमिल होने से बचाये रखने की भी नसीहत दी है.
किशनगंज की डीपीओ के विरुद्ध चल रही है EOU की कार्रवाई
बता दें कि अभी हाल ही किशनगंज में पदस्थापित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के विरुद्ध ईओयू ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित का मामला दर्ज कर उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान ईओयू की टीम ने कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं. बताया जा रहा है कि प्रथम दृष्टया उनके विरुद्ध आरोप सही हैं. फिलहाल ईओयू इस संबंध में कार्रवाई कर रही है.