एमएलसी चुनाव को लेकर शिक्षा विभाग ने की आकस्मिक अवकाश की घोषणा, 8 सीटों पर होना है मतदान

शिक्षा विभाग ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान वाले जिलों में आकस्मिक अवकाश की घोषणा की है. शिक्षा मंत्री ने सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है

एमएलसी चुनाव को लेकर शिक्षा विभाग ने की आकस्मिक अवकाश की घोषणा, 8 सीटों पर होना है मतदान

पटना: राज्य सरकार ने बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव में मतदान के लिए शुक्रवार को विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया है. यह अवकाश संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए दिया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, दरभंगा स्नातक, कोसी स्नातक तथा पटना शिक्षक, तिरहुत शिक्षक, दरभंगा शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं को इस अवकाश का लाभ मिलेगा.

अधिसूचना के मद्देनजर शिक्षा विभाग ने भी गुरुवार देर शाम कार्यालय आदेश जारी कर विशेष छुट्टी की घोषणा की है. इस विशेष अवकाश का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के लिए सुविधा मुहैया कराना है. यह विशेष अवकाश सिर्फ संबंधित स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचकों के लिए ही लागू होगा. बता दें कि बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होना है जिसके लिए पूरी तैयारी की जा चुकी है. चुनाव का परिणाम आगामी 27 अक्टूबर को आयेगा. बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए और महागठबंधन के साथ ही जन सुराज और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं और सभी अपने उम्मीदवार के जीत का दावा कर रहे हैं.