अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कई घाटों का किया भ्रमण, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर से राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये प्रार्थना की, स्टीमर से पटना के विभिन्न छठ घाटों का किया भ्रमण

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कई घाटों का किया भ्रमण, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दानापुर के नासरीगंज घाट से गायघाट तक स्टीमर द्वारा गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया और छठव्रतियों एवं राज्यवासियों को छठ की शुभकामनायें दीं. लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर से राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये प्रार्थना की. घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का अभिवादन हाथ उठाकर किया. मुख्यमंत्री ने भी सभी लोगों का अभिवादन हाथ जोड़कर स्वीकार किया.

ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री छठ व्रतियों की सुविधाओं को लेकर छठ घाटों का भ्रमण करते रहे हैं. मुख्यमंत्री के निर्देश पर छठ घाटों पर व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन की तरफ से पूरे तौर पर प्रयास किये गये हैं ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो. मुख्यमंत्री ने आज के इस अवसर पर पूरे प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं.

मुख्यमंत्री के भ्रमण के क्रम में सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद डॉ भीम सिंह, विधायक श्याम रजक, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव पंकज कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल, पटना प्रमण्डल के आयुक्त राजेश कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी कार्तिकेय धनजी, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष पराशर, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।