पटना साहिब रेलवे स्टेशन को पटना घाट तक जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क का सीएम ने किया निरीक्षण, दिया जल्द पूरा करने का निर्देश

जेपी गंगा पथ अंतर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक निर्माणाधीन संपर्क पथ का निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर पूर्ण करें:- सीएम सम्राट

पटना साहिब रेलवे स्टेशन को पटना घाट तक जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क का सीएम ने किया निरीक्षण, दिया जल्द पूरा करने का निर्देश

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना सिटी के समीप जे पी गंगा पथ अंतर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक निर्माणाधीन संपर्क पथ का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल ने इस परियोजना के निर्माण कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस संपर्क पथ की कुल लंबाई 1.5 किलोमीटर है तथा इसके निर्माण पर 52.54 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित है. इस परियोजना का कार्य 5 अप्रैल 2025 को प्रारंभ हुआ था. इस संपर्क पथ की शुरुआत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से होती है और यह पटना घाट में जेपी गंगा पथ के पटना घाट संपर्कता पर समाप्त होता है. इस परियोजना के तहत अशोक राजपथ पर फ्लाईओवर का भी निर्माण किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संपर्क पथ के निर्माण से पटना साहिब रेलवे स्टेशन की जेपी गंगा पथ से सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी. साथ ही अशोक राजपथ एवं मारूफगंज मंडी क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी. यह संपर्क पथ दलहट्टा, चरखीपर सहित आसपास के क्षेत्रों को भी बेहतर सड़क संपर्कता प्रदान करेगा. इसके अतिरिक्त पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर आरओबी के माध्यम से जेपी गंगा पथ को नए एनएच-30 से भी जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर सड़क एवं यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. इस संपर्क पथ के निर्माण से पटना सिटी के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी.

निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.