मुख्यमंत्री ने किया एम्स का निरीक्षण,कहा  बदलेगी अस्पताल की तस्वीर,24 एकड़ में बनेगा नया भवन 200 बेड की होगी क्षमता  

मुख्यमंत्री ने किया एम्स का निरीक्षण,कहा  बदलेगी अस्पताल की तस्वीर,24 एकड़ में  बनेगा नया भवन 200 बेड की होगी क्षमता

पटना(PATNA):मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना एम्स का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एम्स की सुविधा और भविष्य की कार्य योजना पर अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिया है. साथ ही पटना एम्स को और बेहतर करने की घोषणा की है. जिसमें सीएम ने एम्स को 24 एकड़ और जमीन देने की बात कही. जिससे अतिरिक्त 200 बेड की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही बर्न पेशेंट के लिये स्कीन स्टोरेज की व्यवस्था की जाएगी.  

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एम्स, पटना के विस्तार और विकास के लिए हरसंभव कोशिश करेगी.उन्होंने एम्स के विस्तार के लिए 24 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने में राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया. अतिरिक्त भूमि मिलने के बाद पटना एम्स में लगभग 200 नये बेड उपलब्ध होंगे, जिससे संस्थान की रोगी सेवा क्षमता में वृद्धि होगी.

Image

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स, पटना से नाथूपुर तक 4 लेन सड़क के निर्माण के लिए राज्य सरकार आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करेगी, ताकि मरीजों, उनके परिजनों तथा आम नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्न मरीजों के उपचार के लिए स्किन स्टोरेज (त्वचा भंडारण) की व्यवस्था विकसित करने में भी राज्य सरकार पूर्ण सहयोग करेगी.  उन्होंने कहा कि इससे गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी. मुख्यमंत्री ने बर्न वार्ड जाकर वहां इलाज करा रहे मरीजों से मुलाकात की और उनसे उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली.  मुख्यमंत्री ने मरीजों और  परिजनों का मनोबल बढाया और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

Image

मुख्यमंत्री ने डिपार्टमेंट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन में पेट-सिटी रूम, स्पेक्ट सिटी रूम, रेडियो फार्मेसी लैब का निरीक्षण किया.  साथ ही डिविजन ऑफ ऑन्कोलॉजी, डिपार्टमेंट ऑफ एनॉटोमी सहित ओ०पी०डी० का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने एम्स परिसर स्थित तालाब का भी अवलोकन किया. उन्होंने निर्देश दिया कि तालाब का जीर्णोद्धार कर उसे पर्यटन एवं आकर्षण का केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जाए, ताकि यह स्थान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों के लिए एक सुंदर एवं उपयोगी स्थल के रूप में विकसित हो सके.

Image

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा एम्स, पटना के विकास से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों में राज्य सरकार सक्रिय सहयोग प्रदान करेगी.

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार चौधरी, बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बी०एम०एस०आई०सी०एल०) के प्रबंधक निदेशक सुब्रत कुमार सेन, एम्स के निदेशक प्रो० (ब्रिग०) डॉ० राजू अग्रवाल सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं एम्स, पटना के चिकित्सक उपस्थित थे.