गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व पर भव्य आयोजन : ड्रोन शो में दिखेगी गुरु साहिब की दिव्य झलक, CM ने की हाई लेवल मीटिंग
360 वें प्रकाश पर्व इस बार और भी भव्य और खास होने वाला है. श्रद्धालुओं को विशेष व्यवस्था दी जाएगी.इसे लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास के 'संकल्प' सभागार में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की
पटना:360 वें प्रकाश पर्व इस बार और भी भव्य और खास होने वाला है. श्रद्धालुओं को विशेष व्यवस्था दी जाएगी.इसे लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास के 'संकल्प' सभागार में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. जिसमें सीएम सम्राट चौधरी ने कई दिशा निर्देश दिया है.
प्रकाश पर्व को लेकर उच्च स्तरीय बैठक
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन 350वें प्रकाश पर्व की भांति भव्य और ऐतिहासिक होना चाहिये. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये रेलवे, हवाई एवं बस सेवाओं की सुविधा के लिये केंद्र एवं अन्य राज्य सरकारों से समन्वय एवं सहयोग स्थापित करने की दिशा में कार्य करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 360वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उनके आने-जाने, ठहरने, भोजन,साफ-सफाई, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
श्रद्धालुओं का रखा जाएगा खास ख्याल
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए.

सभी विभाग रहेंगे अलर्ट
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, प्रकाश व्यवस्था, आवासन एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं.
श्रद्धालुओं को हुई दिक्कत तो अधिकारी पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए. साथ ही विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं.
स्पेशल टेंट सिटी का निर्माण,भव्य होगी आतिशबाजी
प्रकाश पर्व का आयोजन 9 से 16 जनवरी 2027 तक होगा. इस वर्ष प्रकाश पर्व का थीम स्लोगन 'बिहार है तैयार, जी आयां नू रखा गया है. लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी का निर्माण होगा. गंगा नदी के किनारे लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला दीवान हॉल बनाया जाएगा. श्रद्धालुओं के लिए लंगर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था होगी. 15 जनवरी 2027 को कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन से भव्य ड्रोन शो होगा. 16 जनवरी 2027 को गुरुद्वारा परिसर के आसपास आतिशबाजी का आयोजन होगा. सिख इतिहास पर आधारित फोटो गैलरी और विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष मोबाइल ऐप विकसित किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का अद्वितीय संदेश देता है. उनके 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन पूरी श्रद्धा, भव्यता और गरिमा के साथ किया जाना चाहिए. राज्य सरकार इस पावन अवसर को यादगार बनाना चाहती है.
