पटना में आज तेजस्वी यादव का लोक भवन मार्च, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन
पटना में आज तेजस्वी यादव के नेतृत्व में RJD लोक भवन मार्च निकालेगा. पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और सीवान में छात्रों पर फायरिंग के विरोध में प्रदर्शन होगा. मार्च को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
पटना (PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल की ओर से लोक भवन मार्च निकाला जाएगा. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस मार्च का नेतृत्व करेंगे. मार्च JP गोलंबर से शुरू होगा और लोक भवन तक जाएगा. प्रदर्शन को लेकर बड़ी संख्या में RJD नेताओं, कार्यकर्ताओं और युवाओं के जुटने की तैयारी है.
कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन
RJD की ओर से पेपर लीक, बेरोजगारी और राज्य की शिक्षा व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है. इसके साथ ही सीवान में छात्रों पर फायरिंग के विरोध को भी पार्टी ने मार्च का प्रमुख मुद्दा बनाया है. RJD इन मामलों को लेकर सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगी.लोक भवन मार्च को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. गांधी मैदान से सचिवालय तक 500 से ज्यादा जवानों की तैनाती की जाएगी. JP गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर, हड़ताली मोड़ और सचिवालय के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. इन स्थानों पर वाटर कैनन और टियर गैस पार्टी भी तैनात रहेगी.
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव
मार्च के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. सुबह से मार्च समाप्त होने तक पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहे की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. गांधी मैदान के आसपास व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के रूट में बदलाव किया गया है.ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने लोगों से मार्च के दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है. मार्च के कारण मध्य पटना के कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है.