पटना (PATNA) : बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव वैशाली और दरभंगा के लिए रवाना हुए. पटना से रवाना होने के दौरान उन्होंने जेडीयू नेता संजय झा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से संजय झा के उस बयान को लेकर सवाल किया, जिसमें उन्होंने लोकभवन मार्च को पार्टी बचाने की कोशिश बताया था.
तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा
इस सवाल पर तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि संजय झा पहले अपना पद बचा लें. उन्होंने दावा किया कि संजय झा को अपनी ही पार्टी के अंदर विरोध का सामना करना पड़ रहा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले उन्हें यह देखना चाहिए कि उनकी पार्टी में उनके खिलाफ कितना विरोध है. तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके. उन्होंने संजय झा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फंसाने का भी आरोप लगाया. तेजस्वी ने कहा, “संजय झा ने नीतीश जी को फंसा दिया.” इसके साथ ही उन्होंने संजय झा पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी होने का आरोप लगाते हुए उन पर तंज कसा. तेजस्वी यादव ने ‘TTM’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए भी निशाना साधा.
सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी
तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है. एक तरफ जेडीयू की ओर से विपक्ष के कार्यक्रमों और रणनीति पर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ तेजस्वी यादव ने सीधे संजय झा की पार्टी में स्थिति और उनकी भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं.बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिल रही है. ऐसे में तेजस्वी यादव का यह बयान सियासी चर्चा को और तेज कर सकता है. अब देखना होगा कि संजय झा या जेडीयू की ओर से तेजस्वी यादव के इन आरोपों पर क्या जवाब दिया जाता है.

