बाढ़ में जहरीली शराब से मौत पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग
पटना के बाढ़ में कथित जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने कानून-व्यवस्था, गरीबों पर कार्रवाई, आरजेडी की संगठनात्मक बैठक, राहुल गांधी के बयान और विपक्षी नेताओं पर दर्ज मामलों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी.
पटना (PATNA) : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना जिले के बाढ़ इलाके में कथित जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. तेजस्वी यादव ने घटना को गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जांच के जरिए यह स्पष्ट होना चाहिए कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और लगातार होने वाली घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं. उन्होंने कहा कि बाढ़ की घटना कैसे हुई और इसके पीछे क्या कारण हैं, इसका जवाब प्रशासन को देना चाहिए. तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि शराब से जुड़े मामलों में सबसे अधिक परेशानी गरीब लोगों को उठानी पड़ती है. गरीबों की मौत हो रही है और कार्रवाई के नाम पर गरीबों को ही जेल भेजा जा रहा है. उन्होंने दोहराया कि इस घटना की निष्पक्ष जांच जरूरी है.
आरजेडी की बैठक में संगठन क मजबूती पर चर्चा
राष्ट्रीय जनता दल की बैठक को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि इसका प्रमुख उद्देश्य संगठन को मजबूत करना है. बैठक में पार्टी की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में आरजेडी किन मुद्दों और कार्यक्रमों के साथ आगे बढ़ेगी, इसे लेकर बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं.
राहुल गांधी के बयान का किया समर्थन
राहुल गांधी द्वारा दलित और महादलित छात्रों से जुड़े भेदभाव के मुद्दे को उठाए जाने पर तेजस्वी यादव ने उनका समर्थन किया. उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा मंदिर में कथित शुद्धिकरण से जुड़े मुद्दे को उठाए जाने का भी उल्लेख किया. तेजस्वी यादव ने कहा कि समाज में छुआछूत और भेदभाव करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए. ऐसे व्यवहार को सामाजिक स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता.
राहुल गांधी पर केस को लेकर भी दी प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने से जुड़े सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करने वाले विपक्षी नेताओं पर मामले दर्ज किए जाते रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता से जुड़े सवाल उठाता रहेगा और मुकदमों से उसकी आवाज को रोका नहीं जा सकता.