तेजस्वी यादव का अल्टीमेटम! SI की नहीं हुई गिरफ्तारी तो 5 नवंबर को मधुबनी पहुंचकर करेंगे आंदोलन

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में सरकार को अल्टीमेटम देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है. उन्होंने साफ कहा है कि यदि 5 नवंबर से पहले संबंधित SI की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.

पटना (PATNA): बिहार में SI की गिरफ्तारी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में सरकार को अल्टीमेटम देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है. उन्होंने साफ कहा है कि यदि 5 नवंबर से पहले संबंधित SI की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा. तेजस्वी यादव ने ऐलान किया है कि वे 5 नवंबर को सीधे मधुबनी पहुंचेंगे. आंध्र प्रदेश में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उनका मधुबनी जाने का कार्यक्रम है. मधुबनी पहुंचने से पहले उन्होंने सरकार और पुलिस से SI की गिरफ्तारी की मांग की है. तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले में सरकार और पुलिस के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

क्या था मामला

मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में सोमवार देर रात करीब एक बजे यह घटना हुई. पुलिस के मुताबिक, वहां तैनात एएसआई चंद्र मोहन सिंह एक घर में पहुंचा था. उसकी मौजूदगी पर एक महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने उसे घेर लिया तो उसने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से कई राउंड गोलियां चला दीं. इस फायरिंग में 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण घायल हो गए. घटना के बाद एएसआई मौके से भाग निकला. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और उसे निलंबित कर दिया गया है.

आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम

मामले में मंगलवार को पुलिस ने आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया. उसकी तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है. पुलिस मुख्यालय ने उसे सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई की भी बात कही है. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. ऐसे में इस मामले में तेजस्वी के सवालों के बीच सरकार और पुलिस पर उसे जल्द पकड़ने का दबाव बढ़ गया है.