पटना में दशरथ मांझी की प्रतिमा बनाने की मांग को लेकर 19 अगस्त को राजभवन मार्च करेंगे तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने पटना में दशरथ मांझी की प्रतिमा और आश्रम बनाने की मांग की. उन्होंने कथित घोटालों और आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए 19 अगस्त के राजभवन मार्च में शामिल होने की अपील की.

पटना में दशरथ मांझी की प्रतिमा बनाने की मांग को लेकर 19 अगस्त को राजभवन मार्च करेंगे तेजस्वी

पटना (PATNA): बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा. उन्होंने सरकार से ‘माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी की प्रतिमा पटना में स्थापित करने और उनके नाम पर आश्रम बनाने की मांग की. तेजस्वी यादव ने कहा कि दशरथ मांझी ने अपने संघर्ष और मेहनत से बिहार ही नहीं, पूरे देश में अलग पहचान बनाई. ऐसे महान व्यक्तित्व को सम्मान देने के लिए राजधानी पटना में उनकी प्रतिमा लगाई जानी चाहिए. साथ ही उनके नाम से आश्रम का निर्माण भी होना चाहिए.

बिहार में कथित घोटालों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला

इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार में कथित घोटालों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कई घोटाले सामने आए हैं, जिनमें डस्टबिन घोटाला सहित कई मामले शामिल हैं. लेकिन किसी पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार करने वालों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है इसलिए कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए. तेजस्वी यादव ने दावा किया कि सरकार की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है और कर्मचारियों के वेतन तथा पेंशन के भुगतान तक में परेशानी हो रही है.

राजभवन मार्च को लेकर लोगों से शामिल होने की अपील की

वहीं, 19 अगस्त को प्रस्तावित राजभवन मार्च को लेकर तेजस्वी यादव ने लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं और हाल की घटनाओं को लेकर यह मार्च आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.तेजस्वी यादव ने बताया कि राजभवन मार्च के बाद प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा और उन्हें ज्ञापन सौंपेगा. उन्होंने छात्रों, युवाओं और आम लोगों से मार्च में भाग लेने की अपील की.