तेजस्वी यादव का बड़ा दावा, 5-6 महीने नहीं मिला वेतन, बोले- बिहार सरकार आर्थिक संकट में

तेजस्वी यादव का बड़ा दावा, 5-6 महीने नहीं मिला वेतन, बोले- बिहार सरकार आर्थिक संकट में

पटना (PATNA) : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए.पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर हमला बोला. तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उन्हें करीब पांच से छह महीने तक वेतन नहीं मिला था. जब उन्होंने मीडिया के सामने यह मुद्दा उठाया तब उनका वेतन मिलना शुरू हुआ.

बिहार सरकार आर्थिक संकट से गुजर रही है

तेजस्वी यादव ने कहा कि केवल उनका ही नहीं बल्कि कई मंत्रियों और विधायकों के वेतन को लेकर भी समस्या है. सत्ता पक्ष की ओर से उनके वेतन को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि अगर सरकार चाहे तो उनका वेतन बंद कर दे उन्हें कोई दिक्कत नहीं है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार आर्थिक संकट से गुजर रही है और सरकारी खजाने की स्थिति खराब हो चुकी है. उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है. मदरसा शिक्षकों के वेतन से लेकर ठेकेदारों के भुगतान तक में परेशानी हो रही है. उन्होंने पेंशन भुगतान को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए.

अगले चार साल में भी हालात ठीक नहीं होंगे

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बिना पैसे के सरकारी काम कराना मुश्किल हो गया है और भ्रष्टाचार के मामलों में उचित कार्रवाई नहीं हो रही है. वित्तीय संकट को लेकर मंत्री अशोक चौधरी के बयान पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी. तेजस्वी ने कहा कि अगर सरकार यह मान रही है कि वित्तीय स्थिति जल्द ठीक हो जाएगी तो ऐसा होने वाला नहीं है. उन्होंने दावा किया कि अगले चार साल में भी हालात ठीक नहीं होंगे.

तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार को आज वेतन जैसे मुद्दे पर चर्चा करनी पड़ रही है, जिससे राज्य के खजाने की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.