पटना (PATNA) : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में आयोजित रोड शो के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सिवान में छात्रों पर कथित AK-47 से गोली चलाए जाने के मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की.
यह स्पष्ट होना चाहिए कि आदेश किसने दिया
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया. उन्होंने कहा कि केवल एक पुलिसकर्मी को हटाने या निलंबित करने से मामला खत्म नहीं हो जाएगा. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस घटना की जिम्मेदारी किसकी है और पूरे मामले में जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर साधा निशाना
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें खुद सामने आकर पूरे मामले पर सफाई देनी चाहिए. तेजस्वी ने पूछा कि गोली चलाने वाले को किसके आदेश मिले, किन-किन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई और पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी किसकी है.
यह पूरी कार्रवाई प्रोटोकॉल के खिलाफ
राजद नेता ने यह भी मांग की कि सरकार बताए कि किस-किस जिले में कितने छात्रों को गिरफ्तार किया गया है.उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उनके अनुसार यह पूरी कार्रवाई प्रोटोकॉल के खिलाफ है.
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को दी चेतावनी
तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आज रात तक छात्रों पर दर्ज मामले वापस नहीं लिए गए और गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो राजद बड़ा आंदोलन करेगा. उन्होंने कहा कि बिहार क्रांति की भूमि है और सरकार को इसके लिए तैयार रहना चाहिए.
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर अब लोगों का भरोसा नहीं रहा क्योंकि सरकार अपने वादों से पीछे हट रही है और छात्रों को जेल भेज रही है.
दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग दोहराई
तेजस्वी यादव ने कहा कि केवल एक सिपाही को निलंबित कर देने से सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग दोहराई.

