पटना (PATNA): बिहार के चर्चित टेंडर मामले में रिशु श्री से जुड़े मामले की जांच अब और तेज हो गई है. स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने मामले में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी अभियान शुरू किया है. जांच एजेंसी इस मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही है और क्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है.
जानकारी के अनुसार, SVU की टीम निलंबित आईएएस अधिकारियों योगेश कुमार सागर और अभिलाषा शर्मा से जुड़े ठिकानों के अलावा रिशु श्री की कंपनी के निदेशक पवन कुमार के परिसरों पर भी तलाशी अभियान चला रही है. बताया जा रहा है कि छापेमारी से पहले दोनों अधिकारियों के आवास बंद मिले.
रिशु श्री फिलहाल SVU की पांच दिनों की रिमांड पर है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसी सरकारी टेंडरों, ठेका और विभिन्न वित्तीय गतिविधियों से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है.
SVU का मुख्य फोकस मामले से जुड़े दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जूड़े साक्ष्यों को जूटाने में लगी है. एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सरकारी टेंडरों के आवंटन और उनसे जुड़ी प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की अनियमितता हुई या नहीं. इसके लिए अलग-अलग दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
जांच एजेंसी को उम्मीद है कि छापेमारी और पूछताछ के दौरान मिले इनपुट से सरकारी टेंडरों में कथित अनियमितताओं, अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच संबंधों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई सुराग मिल सकते हैं. मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस केस में और कई खुलासे सामने आने की संभावना जताई जा रही है.

