पटना (PATNA) : राजधानी पटना में मुख्यमंत्री आवास के पास बड़ी संख्या में छात्र और विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में खास तौर पर आईसा समेत कई छात्र संगठनों के सदस्य शामिल हुए. प्रदर्शनकारी नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता हो और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.
छात्रों का भविष्य प्रभावित
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नीट परीक्षा में सामने आए विवादों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई ताकि प्रदर्शनकारी प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें. पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की कोशिश की.
प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ. हालांकि पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की. जिससे लोगों को कम से कम परेशानी हो.
निष्पक्ष जांच कराने की मांग
छात्र संगठनों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाएगा तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच कराने और छात्रों का भरोसा बहाल करने की अपील की.
फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस और प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर हालात सामान्य बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं. पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जा रही है.

