BPSC-BSSC समेत भर्ती मांगों को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन, JP गोलंबर पर पुलिस से भिड़े अभ्यर्थी
पटना के जेपी गोलंबर पर विभिन्न भर्ती और परीक्षा संबंधी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई. मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया.
पटना (PATNA): राजधानी पटना के जेपी गोलंबर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों से जुड़ी मांगों को लेकर छात्र अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से निकले और अपनी मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया. इस दौरान जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोक दिया.
बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश पर बढ़ा तनाव
पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे. इसके बाद मौके पर छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. स्थिति को देखते हुए जेपी गोलंबर और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया. किसी भी अप्रिय परिस्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण बल के साथ वाटर कैनन की गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया.
BPSC और BSSC समेत कई मुद्दों पर मांग
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्तियों से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं. उनकी प्रमुख मांगों में BPSC 70वीं परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच शामिल है. इसके अलावा अभ्यर्थी परीक्षा और ट्रेनिंग की प्रक्रिया एक साथ नहीं कराने की मांग कर रहे हैं. छात्रों ने BSSC की परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करने की मांग भी रखी है. इसके साथ ही संविदा व्यवस्था समाप्त करने और 1799 दरोगा पदों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग प्रदर्शन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है.
“जेपी गोलंबर पर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. छात्रों ने कहा, “हम पढ़ने वाले बच्चे हैं, सेटिंग वाले नहीं.” प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उनकी समस्याओं पर सरकार को जल्द ठोस निर्णय लेना चाहिए. मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने से रोके जाने के बाद छात्र अभ्यर्थी जेपी गोलंबर पर ही धरने पर बैठ गए. पुलिस ने बैरिकेडिंग के जरिए आगे का रास्ता बंद रखा है. प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है.