TRE 4 विज्ञापन को लेकर पटना में छात्रों का सत्याग्रह, शिक्षा मंत्री के आवास घेराव की चेतावनी

TRE 4 विज्ञापन को लेकर पटना में छात्रों का सत्याग्रह, शिक्षा मंत्री के आवास घेराव की चेतावनी

पटना  (PATNA) : झारखंड के बाद अब बिहार में भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और बहाली के विज्ञापन में हो रही देरी को लेकर छात्रों ने आंदोलन तेज कर दिया है. पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्र नया सत्याग्रह शुरू कर रहे हैं. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र इस धरने में शामिल हो रहे हैं.

विज्ञापन जारी नहीं होने पर छात्र करेंगे घेराव

छात्रों की प्रमुख मांगों में TRE 4 का विज्ञापन जल्द जारी करना, बिहार एसएससी और बीपीएससी की परीक्षाओं में सुधार करना तथा लंबित बहालियों को जल्द पूरा करना शामिल है. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे दिलीप कुमार ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर TRE 4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो छात्र शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करेंगे. उन्होंने कहा कि फिलहाल यह अनशन तीन दिनों तक चलेगा. इसके बाद भी सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा.

सरकार और शिक्षा विभाग के अगले कदम पर नजर

दिलीप कुमार ने बिहार एसएससी और बीपीएससी से जुड़ी परीक्षाओं और बहाली का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से नई बहालियों और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. यदि सरकार और संबंधित आयोग जल्द इस दिशा में कदम नहीं उठाते हैं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है.गर्दनीबाग में जुट रहे छात्रों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को समय पर विज्ञापन और परीक्षा कैलेंडर चाहिए ताकि उन्हें लंबे समय तक अनिश्चितता का सामना न करना पड़े. अब छात्रों की नजर सरकार और शिक्षा विभाग के अगले कदम पर है.