पटना में छात्र आंदोलन: डाकबंगला चौराहे पर घंटों चला हंगामा, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

पटना के डाकबंगला चौराहे पर भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया. पुलिस ने वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया तथा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया.

पटना में छात्र आंदोलन: डाकबंगला चौराहे पर घंटों चला हंगामा, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और परीक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन उग्र हो गया. गांधी मैदान से निकले बड़ी संख्या में छात्र डाकबंगला चौराहे पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की. इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया. पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया.

डाकबंगला चौराहे पर डटे रहे प्रदर्शनकारी 

प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डाकबंगला चौराहे पर डटे रहे. छात्रों के आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान बैरिकेडिंग भी तोड़ी गई. हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में लाठीचार्ज भी किया. रिपोर्टों के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान पथराव की घटना भी हुई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है.पुलिस की कार्रवाई के बाद भी आंदोलनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे. कई छात्रों को हिरासत में लेकर बसों से प्रदर्शन स्थल से हटाया गया.

क्या है प्रदर्शनकारी छात्रों की प्रमुख मांगें 

छात्रों की मांगों में BPSC TRE-4 को एक चरण में आयोजित करना, नेगेटिव मार्किंग खत्म करना और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रमुख रूप से शामिल है. आंदोलन में BPSC 70वीं परीक्षा को रद्द करने की मांग भी उठाई जा रही है. TRE-4 के परीक्षा पैटर्न को लेकर छात्रों में पहले से नाराजगी थी. BPSC के एक अधिकारी की विवादित टिप्पणी के बाद मामला और गरमा गया. रिपोर्ट के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद संबंधित परीक्षा नियंत्रक को निलंबित करने का आदेश दिया गया और उन्होंने अपने बयान पर माफी भी मांगी.

हिरासत के दौरान भी जारी रहा विरोध 

डाकबंगला चौराहे से प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के दौरान भी विरोध जारी रहा. छात्र आंदोलन को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मांग करते रहे. प्रदर्शनकारियों का रुख है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए डाकबंगला चौराहे और पटना के अन्य प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. प्रदर्शन के कारण राजधानी के इस व्यस्त इलाके में स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी रही.