बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की आज शाही शादी, घुड़दौड़ के लिए तैयार हुआ मैदान
मोकामा में आज एक ऐसी शादी होने जा रही है, जिसकी तैयारियां इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. शादी समारोह के साथ घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन होना है.
बाढ़(BADH): मोकामा में आज एक ऐसी शादी होने जा रही है, जिसकी तैयारियां इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. शादी समारोह के साथ घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन होना है. इसके लिए बड़े मैदान को तैयार किया गया है. तैयारियों पर खुद अनंत सिंह लगातार नजर बनाए हुए हैं.
घुड़दौड़ के लिए मैदान में बिछाई गई रेत
शादी समारोह के दौरान होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर मैदान में रेत बिछाई गई है. सुबह से ही यहां घोड़ों को लाकर अभ्यास कराया जा रहा है. बीती रात करीब एक बजे तक अनंत सिंह खुद मैदान में मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा लेते रहे. बुधवार सुबह करीब नौ बजे भी वह दोबारा मैदान पहुंचे और व्यवस्थाओं को देखा. उनके साथ बेटे भी तैयारियों में जुटे नजर आए.

मेहमानों के लिए खास इंतजाम, बन रहे दो हेलीपैड
शादी में आने वाले मेहमानों की सुविधा को देखते हुए खास व्यवस्था की जा रही है. मैदान में दो हेलीपैड बनाए जा रहे हैं. एक हेलीपैड का निर्माण देर रात तक पूरा कर लिया गया था, जबकि दूसरे को तैयार करने का काम बुधवार सुबह से जारी है. इसके लिए दर्जनों मजदूर लगाए गए हैं.
शादी को लेकर जुटने लगे लोग
शिवांगी सिंह की शादी को लेकर इलाके में काफी उत्साह देखा जा रहा है. समारोह में शामिल होने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है. मैदान में घोड़ों की प्रैक्टिस से लेकर हेलीपैड निर्माण तक, हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है. अब सभी की निगाहें आज होने वाले शादी समारोह और घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर टिकी हैं.