Sports : कल से पटना में सजेगा कबड्डी का महाकुंभ, 29 राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का मिलेगा मौका
पटना में चार दिनों तक दिखेगा कबड्डी का रोमांच, 29 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक नवंबर को करेंगे 52वीं जूनियर राष्ट्रीय बालक कबड्डी चैंपियनशिप का उद्घाटन. प्रो कबड्डी लीग के स्काउट भी करेंगे प्रतिभाओं की पहचान
पटना: बिहार में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की कड़ी में राजधानी पटना एक बार फिर कबड्डी के बड़े आयोजन का गवाह बनने जा रही है. पाटलिपुत्र खेल परिसर में एक से चार नवंबर तक 52वीं जूनियर राष्ट्रीय बालक कबड्डी चैंपियनशिप-2026 का आयोजन होगा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक नवंबर को दोपहर तीन बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे. इसमें देशभर की 29 टीमें हिस्सा लेंगी. चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में दो कोर्ट पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे. खास बात यह है कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के साथ प्रो कबड्डी लीग की फ्रेंचाइजी तक पहुंचने का भी अवसर मिलेगा.
प्रो कबड्डी लीग के स्काउट परखेंगे खिलाड़ियों की प्रतिभा
प्रतियोगिता में प्रो कबड्डी लीग की विभिन्न फ्रेंचाइजी के स्काउट, प्रशिक्षक और टीम प्रबंधन से जुड़े सदस्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे. उनका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अपनी टीमों से जोड़ने की संभावनाएं तलाशना है. इसके अलावा जूनियर भारतीय कबड्डी टीम के संभावित खिलाड़ियों का भी चयन किया जाएगा. इसके लिए पूर्व भारतीय प्रशिक्षक ई भास्करन, अर्जुन अवार्डी मनजीत चिल्लर और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिशांत देवारिकर की तीन सदस्यीय समिति पहुंचेगी.
कबड्डी की दिग्गज हस्तियां भी बढ़ाएंगी खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम की सदस्य रिया कुमारी, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित प्रशिक्षक बलवान सिंह, भारतीय पुरुष टीम के खिलाड़ी अर्जुन देशवाल और बिहार के प्रो कबड्डी खिलाड़ी संदीप कुमार भी शामिल होंगे. आयोजन के तकनीकी संचालन के लिए 50 अधिकारियों की तैनाती की गई है. करीब 615 प्रतिभागियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है. वहीं, मेजबान बिहार टीम की तैयारी के लिए राजगीर में एक महीने का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। टीम की कप्तानी बेगूसराय के रवि कुमार करेंगे. मुख्य कोच रमेश कुमार यादव और सहायक कोच आनंद कुमार सिंह हैं.
बीएसएसए के महानिदेशक ने दी जानकारी
अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार राज्य कबड्डी संघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त मेजबानी में खेल विभाग के सहयोग से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण, आयोजन सचिव कुमार विजय सिंह और संघ के अध्यक्ष अपूर्वा सुकांत ने तैयारियों की जानकारी दी. उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी.