5 दिन की रिमांड पर रिशु श्री, अब होगा खुलासा! टेंडर घोटाले में कौन-कौन शामिल और कैसे हुआ खेल?

5 दिन की रिमांड पर रिशु श्री, अब होगा खुलासा! टेंडर घोटाले में कौन-कौन शामिल और कैसे हुआ खेल?

पटना (PATNA) : बिहार में टेंडर आवंटन में अनियमितताओं और हेराफेरी के मामले में गिरफ्तार रिशु श्री से अब विशेष निगरानी इकाई (SVU) की टीम गहन पूछताछ करेगी. कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद एजेंसी ने रिशु श्री को पांच दिनों के रिमांड पर लिया है. इस दौरान उससे 100 से अधिक सवाल पूछे जाने की तैयारी की गई है.

विशेष निगरानी की टीम आज से करेगी पूछताछ

बता दें कि विशेष निगरानी की टीम आज से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू करेगी. जांच एजेंसी यह जानने का प्रयास करेगी कि कथित टेंडर हेराफेरी का नेटवर्क कैसे संचालित किया गया, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही और किन विभागों में गड़बड़ियां की गईं. साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि इस पूरे मामले से किसे आर्थिक लाभ पहुंचा और कथित तौर पर अर्जित संपत्तियों का स्रोत क्या है.

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान रिशु श्री को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य दिखाए जाएंगे. इन दस्तावेजों के आधार पर उससे विस्तृत बयान लिया जाएगा. एजेंसी यह भी जानना चाहती है कि विभिन्न विभागों में उसे किस स्तर पर सहयोग मिला और कथित अनियमितताओं के जरिए किस-किस व्यक्ति ने लाभ अर्जित किया.

वित्तीय लेन-देन और संपर्कों की भी होगी जांच

पूछताछ में उन आरोपों की भी पड़ताल होगी जिनमें प्रभावशाली लोगों और उनके परिजनों को महंगे उपहार दिए जाने तथा विदेश यात्राएं प्रायोजित किए जाने की बात सामने आई है. जांच एजेंसी इन पहलुओं से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपर्कों की भी जांच करेगी.

मामले से जुड़े हो सकते हैं कई अहम खुलासे

विशेष निगरानी इकाई का मानना है कि रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ से मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं. जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि टेंडर घोटाले के माध्यम से धन का प्रवाह किन-किन लोगों तक पहुंचा और उसके बदले किस प्रकार के लाभ दिए गए.

पांच दिनों तक चलने वाली इस पूछताछ पर अब पूरे बिहार की नजर बनी हुई है. माना जा रहा है कि रिशु श्री के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा और बढ़ सकता है तथा मामले में नए नाम भी सामने आ सकते हैं.