दीपावली-छठ पर रेलवे की खास तैयारी, बिहार के 20 स्टेशनों पर बनेंगे एक्स्ट्रा टिकट काउंटर

दीपावली और छठ के मौके पर बिहार लौटने वाले यात्रियों को इस बार रेलवे स्टेशनों पर पहले जैसी परेशानी न हो, इसके लिए ईस्ट सेंट्रल रेल ने तैयारी शुरू कर दी है. त्योहारों में दिल्ली, मुंबई, पंजाब और हरियाणा समेत दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग घर पहुंचते हैं. इस वजह से पटना जंक्शन, दानापुर और राजेंद्रनगर टर्मिनल जैसे स्टेशनों पर काफी भीड़ हो जाती है.

दीपावली-छठ पर रेलवे की खास तैयारी, बिहार के 20 स्टेशनों पर बनेंगे एक्स्ट्रा टिकट काउंटर

पटना(PATNA): दीपावली और छठ के मौके पर बिहार लौटने वाले यात्रियों को इस बार रेलवे स्टेशनों पर पहले जैसी परेशानी न हो, इसके लिए ईस्ट सेंट्रल रेल ने तैयारी शुरू कर दी है. त्योहारों में दिल्ली, मुंबई, पंजाब और हरियाणा समेत दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग घर पहुंचते हैं. इस वजह से पटना जंक्शन, दानापुर और राजेंद्रनगर टर्मिनल जैसे स्टेशनों पर काफी भीड़ हो जाती है. यात्रियों को टिकट लेने से लेकर ट्रेन पकड़ने तक परेशानी उठानी पड़ती है. इसी को देखते हुए रेलवे ने भीड़ संभालने के लिए नई व्यवस्था तैयार की है.

20 स्टेशनों पर खुलेंगे एक्स्ट्रा टिकट काउंटर

त्योहारों के दौरान जनरल टिकट लेने के लिए यात्रियों को लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़े, इसके लिए 20 प्रमुख स्टेशनों पर एक्स्ट्रा टिकट काउंटर खोले जाएंगे. इनमें पटना जंक्शन, दानापुर, राजेंद्रनगर टर्मिनल और पाटलिपुत्र जैसे स्टेशन शामिल हैं. इसके अलावा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) पर कर्मचारियों की तैनाती होगी, जो यात्रियों को टिकट निकालने में मदद करेंगे.

स्टेशन के बाहर बनेगा अस्थायी होल्डिंग एरिया

भीड़ को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने से रोकने के लिए प्रमुख स्टेशनों के बाहर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे. यहां यात्रियों को ट्रेन के समय के अनुसार रोका जाएगा. ट्रेन आने या रवाना होने का समय नजदीक होने पर ही उन्हें समूह में प्लेटफॉर्म पर जाने दिया जाएगा. इससे प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.

पानी से लेकर टॉयलेट तक की होगी व्यवस्था

भीड़ संभालने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और कॉमर्शियल विभाग के एक्स्ट्रा  कर्मचारी तैनात रहेंगे. मेगा फोन से लगातार अनाउंसमेंट किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म और ट्रेन की जानकारी मिलती रहे. वहीं, होल्डिंग एरिया में शेड, पीने का पानी, हेल्प डेस्क और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी की जाएगी.

रेलवे की इस तैयारी से छठ पर घर लौटने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इन व्यवस्थाओं का असली असर त्योहारों के दौरान यात्रियों को देखने को मिलेगा.